ऑनलाइन गेम में हारने के बाद दोस्त को उतारा मौत के घाट, रायबरेली में 17 वर्षीय प्रिंस हत्याकांड का खुलासा

रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय प्रिंस पटेल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हार चुके उसके दोस्त ऋतुराज ने बैंक खाते से रकम निकालने के लिए प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने मृतक के मोबाइल सिम से बैंक ऐप एक्सेस कर पैसे निकाले।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 November 2026, 4:23 PM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिसने दोस्ती के रिश्ते को भी शर्मसार कर दिया। जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह गांव में 17 वर्षीय प्रिंस पटेल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग में रकम गंवा चुके ऋतुराज ने प्रिंस के बैंक खाते से पैसे निकालने की साजिश रची और इसके लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ऋतुराज को ऑनलाइन गेमिंग में काफी पैसे का नुकसान हुआ था। इसके बाद उसने प्रिंस के बैंक खाते से रकम हासिल करने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले प्रिंस की गला दबाकर हत्या की और फिर उसके मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर अपने फोन में लगा लिया।

इसके बाद आरोपी ने उसी सिम नंबर की मदद से बैंकिंग ऐप डाउनलोड किया। बैंक खाते से जुड़ा ओटीपी उसी नंबर पर आया, जिसका इस्तेमाल कर उसने खाते तक पहुंच बनाई और पैसे निकाल लिए। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

मुंडन कार्यक्रम में गया था प्रिंस

जानकारी के मुताबिक, बीते सोमवार की रात प्रिंस पड़ोस के गांव मोती का पुरवा में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देखने गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

Deoria: 18 नवंबर से शुरू होगी जयप्रकाश नारायण विचार संदेश यात्रा, गन्ने के लिए 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग

अगले दिन मंगलवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित नाले में प्रिंस का शव मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों के बीच शोक का माहौल बन गया। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

प्रिंस अपने ननिहाल में रहता था। वह अपने नाना फूलचंद के साथ होटल के काम में भी हाथ बंटाता था। परिवार के लिए उसकी मौत की खबर बड़ा सदमा थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ताकि मौत की वजह स्पष्ट हो सके।

पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि

पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि प्रिंस की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की।

चंदौली की सैयदराजा सीट पर सपा में टिकट की जंग तेज, हरदेव सिंह कुशवाहा ने 2027 चुनाव के लिए ठोकी दावेदारी

जगतपुर थाना प्रभारी वागीश मिश्रा की कार्रवाई में आरोपी ऋतुराज को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद आरोपी ने अपने ही मित्र को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने प्रिंस के मोबाइल से सिम निकालकर बैंक खाते तक पहुंच बनाई और रकम निकाल ली।

इस घटना ने ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के लेन-देन और उससे जुड़े जोखिमों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

Location :  Raebareli

Published :  7 November 2026, 4:23 PM IST