
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 को और धार देने के लिए आईजी जोन तरुण गाबा ने आज पुलिस अधिकारियों संग अहम बैठक की। पुलिस ऑफिस के किरण हाल में आयोजित इस बैठक में उन्होंने महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और महिला पुलिस बल की भागीदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान आईजी ने साफ कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
महिलाओं की सुरक्षा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही महिला पुलिस बल को अधिक सशक्त और सक्षम बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। जब उनसे गाजियाबाद में महिला पुलिस अधिकारियों और बदमाशों की मुठभेड़ जैसी मिसाल रायबरेली जोन में भी दिखने की संभावना पर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए इतना जरूर कहा कि महिला पुलिस बल को मजबूत बनाना ही इस अभियान का सबसे अहम हिस्सा है।
बॉक्स को लेकर पूछे गए सवाल
वहीं, पूर्व में स्कूलों और कॉलेजों के बाहर लगाए गए पिंक बॉक्स को लेकर पूछे गए सवाल पर आईजी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इन्हें फिर से सक्रिय किया जाएगा ताकि छात्राओं और महिलाओं को अपनी शिकायत दर्ज कराने का आसान माध्यम मिल सके।
संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत आज पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र लखनऊ तरुण गाबा द्वारा जनपद रायबरेली में पुलिस कार्यालय स्थित किरण बहुद्देशीय हॉल में मिशन शक्ति फेज-5 के संबंध में जनपद रायबरेली के समस्त थानों पर नियुक्त मिशन शक्ति केन्द्र के प्रभारियों के साथ गोष्ठी की गयी।
UP Crime: गोरखपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा पशु तस्कर, जानें पूरी खबर
आवश्यक दिशा-निर्देश
गोष्ठी के दौरान महोदय ने मिशन शक्ति के सुचारु संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए व मिशन शक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिलाओं को पंपलेट भी वितरित किए, साथ ही बछरावां थाना स्थित मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया तथा थाना बछरावां क्षेत्र अन्तर्गत पैदल गश्त की गयी। इस अवसर पुलिस अधीक्षक रायबरेली डॉ० यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली संजीव कुमार सिन्हा (नोडल अधिकारी मिशन शक्ति जनपद रायबरेली) तथा समस्त क्षेत्राधिकारीगण उपस्थित रहें।
Location : Raebareli
Published : 25 September 2025, 8:04 PM IST