
जलभराव ने खोली व्यवस्था की पोल
Raebareli: गत 24 अगस्त को जिस सड़क से होकर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ गुजरे थे उस सड़क की हालत बरसात में अपने हालत बयां कर रही है। जल भराव ने तहसील के सामने की सड़क और तहसील परिसर को तालाब जैसा बना दिया। जिस पर दोपहिया वाहन और कार चालक सावधानी पूर्वक आवागमन करते दिखे।
इस जल भराव में तहसील के अधिकारियों की सरकारी गाड़ियां भी दौड़ती नजर आई। लोगों ने नगर पालिका को कोसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आने से पहले जहां एक-एक कोना साफ सुथरा और दुरुस्त कर दिया था। उसके बावजूद भी नालियों में निकासी ठीक से न होने कारण जल भराव इतना हो गया कि सड़क पर पानी भर गया । इस जल भराव में कई लोगों की गाड़ियां खराब हो गई और वही आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं डीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र के कई गांव पानी-पानी हो गए हैं और लोगों के घरों में पानी घुस गया है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के सिरसी, जगदीशपुर सहित कई गांवों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से हालात खराब हैं। गांव की गलियों में घुटने भर पानी भरा है। निचले इलाके के कच्चे-पक्के मकानों में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान भीग गया है और खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है।
लगातार बारिश से खेत तालाब बन गए हैं, जिससे धान की फसल को नुकसान की आशंका है। गांव का संपर्क मार्ग कीचड़ और जलभराव से बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से यह स्थिति बनी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जल निकासी और नुकसान का सर्वे कराकर राहत दिलाने की मांग की है।
खीरो विकासखंड क्षेत्र के गुमान खेड़ा गांव में नंद कुमार का कच्चा मकान भर भराकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई हताहत नही हुआ। स्थानीय लोगों ने अधिकारी व लेखपाल को फोन किया । लेकिन मौके पर कोई भी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों में आक्रोश है और कह रहे हैं कि पीड़ित कई बार प्रधानमंत्री आवास के लिए चक्कर लगा रहा था लेकिन उसे पक्का मकान नसीब नही हुआ।।
Location : Raebareli
Published : 1 September 2026, 2:06 AM IST