रायबरेली में घने कोहरे के कारण दो सड़क हादसे सामने आए। लालगंज क्षेत्र में ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि गुरबख्शगंज में डंपर गोल चौराहे से टकरा गया। पुलिस ने यातायात बहाल कराया।

घने कोहरे से दो हादसे
Raebareli: जनपद रायबरेली में घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बहाई गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में ट्रक सवार एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतक होमगार्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे की वजह घना कोहरा और दृश्यता कम होना बताया जा रहा है।
रायबरेली पुलिस की कस्टडी में युवक की बिगड़ी हालत, अस्पताल में गए तो डॉक्टरों ने…
इसी दिन रायबरेली में कोहरे के कारण एक और बड़ा हादसा सामने आया, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। सुबह करीब 7:30 बजे बांदा-बहराइच राजमार्ग पर लालगंज की ओर से आ रहा एक डंपर गुरबख्शगंज कस्बे में बने गोल चौराहे में अनियंत्रित होकर जा घुसा।
डंपर की रफ्तार और कोहरे की वजह से चालक को चौराहे का अंदाजा नहीं लग पाया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईंट-पत्थर से बना गोल चौराहा पूरी तरह उखड़कर बाहर आ गया। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के दुकानदार और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में डंपर चालक और कंडक्टर दोनों सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें वाहन से बाहर निकाला गया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया।
घटना की सूचना पर गुरबख्शगंज पुलिस मौके पर पहुंची। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मशीन की मदद से डंपर को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया गया।
रायबरेली में स्कूल वैन और क्रेटा कार की टक्कर, 9 बच्चे हुए घायल
प्रत्यक्षदर्शी राकेश शुक्ला ने बताया कि घना कोहरा होने के कारण डंपर चालक को चौराहे का अंदाजा नहीं हो सका और वाहन सीधे गोल चक्कर में जा टकराया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास सो रहे लोग भी जाग गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, धीमी गति से वाहन चलाएं और फॉग लाइट का प्रयोग करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।