
थाना शिवगढ़ (Img: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली में एक बार फिर पुराना जमीनी विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया, लेकिन इस बार मामला सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं रहा। इसमें जातीय आरोप, बाइक खड़ी करने का विवाद और एक लड़की से जुड़ा गंभीर आरोप भी शामिल हो गया है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
दरअसल, घटना शिवगढ़ थाना क्षेत्र के पूरे नटई गांव की है। यहां रहने वाले धीरेन्द्र सिंह और रामकेश दोनों के बीच यह विवाद हुआ है। दोनों पक्षों की ओर से इस घटना को लेकर बिल्कुल अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जिससे सच्चाई सामने लाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
धीरेन्द्र सिंह के पक्ष का कहना है कि विवाद की शुरुआत घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर हुई थी। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें उनके पांच लोग घायल हो गए। इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
अवैध संबंधों की आंच में जली रिश्तों की डोर, बहन ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश
वहीं दूसरी ओर, अन्य पक्ष को लेकर लोगों की कहानी पूरी तरह अलग है। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोग उनके घर की एक लड़की को जबरन उठा ले गए थे। जब परिवार के लोग उसे छुड़ाने पहुंचे तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें उनके छह लोग घायल हो गए। इस दौरान उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीनी विवाद चला आ रहा है।
पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजीव सिंह के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर मिल चुकी है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में बदलाव किया जाएगा।
इसी जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने पड़ोस के युवक पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह अपने मायके शादी समारोह में शामिल होने आई थी, तभी पड़ोस के युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
Budaun News: पुलिसकर्मी की रहस्यमयी मौत
जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी युवक ने उस पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसका दांत टूट गया। पीड़िता ने इस घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया।
अब पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही है और मांग कर रही है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाए।
Location : Raebareli
Published : 9 April 2026, 1:48 PM IST