Raebareli: पीडीए महापंचायत में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा- शीर्ष नेतृत्व तय करेगा गठबंधन की सीटें

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि विधानसभा 2027 के चुनाव में गठबंधन में सभी दल कितनी सीटों पर लड़ेंगे यह है शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। पढिये यह खबर

Raebareli: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले रायबरेली में समाजवादी पार्टी ने PDA महापंचायत के जरिए राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। शहर क्षेत्र के जहानाबाद स्थित एक निजी लॉन में आयोजित महापंचायत में पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। यह महापंचायत सपा नेता पूनम सिंह के संयोजन में आयोजित की गई। रायबरेली सदर सीट से कई बार विधायक रहे दिवंगत अखिलेश सिंह की बहन पूनम सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद यह उनका पार्टी की ओर से पहला बड़ा कार्यक्रम रहा। ऐसे में कार्यक्रम को रायबरेली की स्थानीय राजनीति में अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी का भाजपा पर हमला

महापंचायत को संबोधित करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम के मुद्दों पर राजनीति करती है। उन्होंने सरकारी विभागों को उद्योगपतियों को सौंपे जाने का भी आरोप लगाया। सिद्दीकी ने दलितों और ब्राह्मणों के साथ कथित अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार के खिलाफ अधिक बोलने वालों पर बुलडोजर चलाया जा सकता है। संविधान को लेकर उन्होंने कहा, "जब तक संविधान है, तब तक हम लोग हैं।"

'वोट चोरी रोकना और भाईचारा बढ़ाना PDA का संदेश'

सपा नेता ने कार्यकर्ताओं से वोट चोरी रोकने और समाज में भाईचारा मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि PDA का उद्देश्य समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग समेत दबे-कुचले और वंचित लोगों को एक मंच पर लाना है।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं का वोट प्रतिशत बढ़ाने और लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाना चाहिए। सिद्दीकी ने कहा कि PDA को मजबूत कर सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता के मुद्दों को उठाया जाएगा।

गठबंधन और सीट शेयरिंग पर सिद्दीकी ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कांग्रेस समेत अन्य सहयोगी दलों के साथ गठबंधन को लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला करेगा। सीट शेयरिंग पर भी बातचीत के बाद निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दल आपस में बैठकर सीटों को लेकर सहमति बनाएंगे। सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक-एक सीट जीतने की बात कही है और गठबंधन से जुड़े फैसले समय आने पर लिए जाएंगे।

राज्यसभा की तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने के सवाल पर भी उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गठबंधन के स्तर पर किया जाएगा।

चुनाव आयोग और महंगाई-बेरोजगारी का मुद्दा भी उठा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर सिद्दीकी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का PDA रथ जनता के बीच पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए महंगाई, युवाओं के रोजगार, किसानों से जुड़े मुद्दों और वोट चोरी जैसे विषय जनता के बीच उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की।

Location :  Raebareli News

Published :  6 October 2026, 8:08 PM IST

Related News

Advertisement