महराजगंज में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की तैयारियां तेज, DM ने दिए अहम निर्देश

महराजगंज में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें तीर्थयात्रियों की तैयारी, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था और आयोजन को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

Maharajganj: महराजगंज के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों, तीर्थयात्रियों की सुविधा और प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

तीर्थयात्रियों की सूची और मेडिकल व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यात्रा के लिए चयनित तीर्थयात्रियों की सूची जल्द से जल्द अंतिम रूप से तैयार की जाए। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा दल में एक महिला या पुरुष चिकित्सा कर्मी को शामिल करने और सभी यात्रियों के लिए मेडिकल किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने ग्राम से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। जिलास्तर पर जिला सूचना अधिकारी, तहसील स्तर पर तहसीलदार और अधिशासी अधिकारी, ब्लॉक स्तर पर बीडीओ और एडीओ (पंचायत) तथा ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महराजगंज: गौआश्रय की डीएम ने परखी हकीकत, केयरटेकर और बेहतर व्यवस्था पर दिया जोर

शिक्षा संस्थानों में भी होगा आयोजन

डीएम ने निर्देश दिया कि उच्च और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, निर्माण और वास्तुकला पर आधारित चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं।

18 अप्रैल को रवाना होंगे तीर्थयात्री

इस पर्व के तहत जनपद से 10 तीर्थयात्री 18 अप्रैल को नोडल अधिकारी के नेतृत्व में लखनऊ के लिए रवाना होंगे। 19 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी तीर्थयात्री सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान वे मंदिर दर्शन, साउंड एंड लाइट शो और भजन संध्या में हिस्सा लेंगे।

महराजगंज में नए SP का बड़ा एक्शन: थानेदार सस्पेंड, शक्ति मोहन अवस्थी बोले- अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं

प्रचार-प्रसार पर भी जोर

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।

बैठक में मौजूद रहे अधिकारी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीआईओएस पी.के. शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय और सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जायसवाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  9 April 2026, 8:37 PM IST

Advertisement