Site icon Hindi Dynamite News

रायबरेली के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई प्री मानसून की बारिश, शहर में बिन बरसे चले गए बादल

रायबरेली जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में आज हुई बरसात से गर्मी से लोगों को राहत मिली है वहीं शहरी क्षेत्र में बरसात न होने से लोगों में मायूसी दिखाई दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
रायबरेली के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई प्री मानसून की बारिश, शहर में बिन बरसे चले गए बादल

रायबरेली: जनपद में गुरुवार सुबह हुई प्री मानसून बरसात से मौसम खुशगवार हो गया।। हालांकि शहर में बरसात न होने से लोगों में मायूसी दिखी। लेकिन ऊँचाहार व डीह के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बरसात ने इलाके में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार रायबरेली जनपद के ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्र के जगतपुर में गुरुवार की सुबह से तेज गर्मी का प्रकोप था। सूरज की तपिश और उमस से लोग परेशान थे। गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और लोग जरूरी कामों के बिना घर से बाहर नहीं निकल रहे थे। सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ था।

सुबह करीब 10:45 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। पहले तेज धूल भरी आंधी चली और फिर बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बारिश से खेतों और बाग-बगीचों को भी फायदा हुआ। तेज धूल भरी आंधी के साथ बरसात हुई जिससे लोगों को तेज उमा से भरी गर्मी से राहत की सांस ली।

मौसम विभाग ने पहले तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी कर दी थी। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में भी मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। जिससे और बारिश हो सकती है। इस मौसम परिवर्तन से जहां आम जनजीवन कुछ घंटे के लिए प्रभावित हुआ वही गर्म लू से लोगों ने राहत की सांस ली।

वहीं डीह क्षेत्र के विभिन्न गांव में गुरुवार की दोपहर मौसम में अचानक बदलाव आया। दोपहर दो बजे तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ देर बाद रिमझिम बारिश शुरू हो गई।

सुबह से चिलचिलाती धूप और उमस से लोग परेशान थे। आधे घंटे तक हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई। मौसम सुहावना हो गया। खेतों को मिली नमी से किसान प्रसन्न दिखे। बच्चों ने बारिश में खूब मस्ती की। कई लोग छतों और गलियों में खड़े होकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए।

तेज हवाओं से कुछ पेड़ों की टहनियां टूट गईं। बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रही। बाजार में दुकानदारों को अचानक बारिश से बचने के लिए अपना सामान समेटना पड़ा। ग्रामीणों का मानना है कि यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

Exit mobile version