प्रयागराज में शिक्षकों का आंदोलन तेज, 30 सूत्रीय मांगों को लेकर DM को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज के कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षकों ने 30 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। फुपुक्टा के आह्वान पर शिक्षकों ने 2 से 5 नवंबर तक चलाए गए प्रदेशव्यापी आंदोलन में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। पुरानी पेंशन, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष और चिकित्सकीय अवकाश सहित कई मांगें उठाईं।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 5 November 2026, 7:36 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज में शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को भी जारी रहा। प्रदेश संगठन फुपुक्टा के आह्वान पर कुलभास्कर आश्रम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षकों ने अपनी 30 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी प्रयागराज को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने तीन दिनों तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को भी शिक्षक काली पट्टी बांधकर महाविद्यालय पहुंचे और शिक्षण कार्य किया।

शिक्षकों ने ज्ञापन के माध्यम से शासन से लंबे समय से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की। उनका कहना था कि कई महत्वपूर्ण विषयों पर अब तक समाधान नहीं हुआ है, जिससे शिक्षकों में असंतोष बना हुआ है। इसी के विरोध में उन्होंने सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाई और मांगों के निस्तारण के लिए ठोस एवं सकारात्मक कदम उठाने की मांग की।

पुरानी पेंशन से लेकर सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने की मांग

शिक्षकों की 30 सूत्रीय मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, चिकित्सकीय अवकाश की सुविधा और सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष किए जाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा फीडर कैडर से जुड़े मामलों का निस्तारण, स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल बनाने, जीपीएफ भुगतान और नोशनल इंक्रीमेंट का लाभ देने की मांग भी उठाई गई।

Mirzapur: तेंदुए के जबड़े से मौत को खींच लाई महिला वाचर! 10 मिनट तक खूंखार जानवर से भिड़ता रहा पशुपालक

शिक्षकों ने अनुदानित और अंशकालिक शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल किया। उनका कहना है कि इन विषयों पर लंबे समय से निर्णय लंबित हैं। शिक्षकों ने शासन से आग्रह किया कि शिक्षक हितों से जुड़े सभी मामलों पर शीघ्र विचार कर उचित निर्णय लिया जाए।

शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने किया नेतृत्व

ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसुआक्टा के अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार पचौरी, महामंत्री प्रो. बिपिन कुमार, प्रयागराज जनपदीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. आर. एल. पाल और महाविद्यालय शिक्षक संघ इकाई के महामंत्री प्रो. प्रमोद यादव ने किया। इस दौरान शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में सहभागिता की।

सांसदों-विधायकों की तरह हमें भी मिले पुरानी पेंशन, मिर्जापुर में काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरे डिग्री कॉलेज शिक्षक

कार्यक्रम में प्रो. सी. एस. चौबे, प्रो. शशिकांत त्रिपाठी, प्रो. अनुराग त्रिपाठी, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. पुनीत अग्रवाल, डॉ. परम प्रकाश सिंह और डॉ. एस. पी. यादव सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक मौजूद रहे।

गौरतलब है कि फुपुक्टा ने प्रदेश के सभी अनुदानित महाविद्यालयों में 2 से 4 नवंबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करने और 5 नवंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का आह्वान किया था। कुलभास्कर महाविद्यालय के शिक्षकों ने इसी निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपनी 30 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Location :  Prayagraj

Published :  5 November 2026, 7:36 PM IST