प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क में शैक्षिक भ्रमण पर आई कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। छत्ते पर पत्थर फेंके जाने के बाद भड़की मधुमक्खियों ने करीब तीन दर्जन छात्राओं को डंक मार दिया।

मधुमक्खीयो ने स्कूली बच्चो पर अटैक किया
Prayagraj: जिला के चंद्रशेखर आजाद पार्क में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राएं एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर पहुंची थीं। शिक्षकों की देखरेख में छात्राएं पार्क परिसर में खेलकूद गतिविधियों में व्यस्त थीं और पिकनिक जैसा माहौल था तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा।
मधुमक्खियों के हमले से छात्राएं घबरा गईं और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में स्थिति पूरी तरह से अफरातफरी में बदल गई। शिक्षकों ने तुरंत छात्राओं को संभालने की कोशिश की और उन्हें सुरक्षित स्थान की ओर ले जाया गया, लेकिन तब तक कई बच्चियां मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो चुकी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्क में मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा मधुमक्खियों के छत्ते पर पत्थर फेंक दिया गया था, जिससे मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं। छत्ता हिलते ही मधुमक्खियों का झुंड पास में खेल रही छात्राओं की ओर बढ़ गया और हमला कर दिया। देखते ही देखते करीब तीन दर्जन छात्राएं मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गईं।
देवरिया में शिक्षा माफिया पर बड़ा वार, इस मामले में दो स्कूलों पर मुकदमा
कई छात्राओं के चेहरे, हाथ और पैरों पर डंक लगे, जिससे उन्हें सूजन और दर्द की शिकायत होने लगी। घटना के बाद शिक्षकों, स्थानीय लोगों और पार्क में मौजूद कर्मचारियों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। घायल छात्राओं को तुरंत पार्क से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा गया। इस दौरान कुछ छात्राएं डर के कारण रोती रहीं, जिन्हें शिक्षकों ने ढांढस बंधाया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने सभी छात्राओं का तुरंत उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश छात्राओं को हल्की सूजन, जलन और दर्द की शिकायत थी, जबकि कुछ को ज्यादा डंक लगे थे, लेकिन किसी की भी हालत गंभीर नहीं थी। प्राथमिक उपचार और दवाइयों के बाद सभी छात्राओं को खतरे से बाहर बताया गया। कुछ देर निगरानी में रखने के बाद उन्हें उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
Crime in UP: गोरखपुर में 2 करोड़ की हेराफेरी, पुलिस ने कैशियर को ऐसे दबोचा
उद्यान विभाग के उप निदेशक कृष्ण मोहन चौधरी ने बताया कि पार्क में मौजूद मधुमक्खियों के छत्तों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और पार्क में भ्रमण पर आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।