कोलकाता की घटना से सबक, प्रयागराज के दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा पर प्रशासन गंभीर

प्रयागराज में दशहरा और दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक बैठक हुई। बाई का बाग में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की मांग उठाई गई।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 18 October 2026, 7:42 PM IST
google-preferred

Prayagraj: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले में दशहरा और दुर्गा पूजा के सकुशल आयोजन को लेकर जिला पंचायत भवन में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस कमिश्नर पीयूष मोडिया, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, डीसीपी अजय, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम सिटी, विभिन्न सर्किलों के एसीपी और थानाध्यक्षों सहित पीस कमेटी, जिला अपराध निरोधक कमेटी, सिविल डिफेंस, दुर्गा पूजा समितियों, पार्षदों, व्यापारी संगठनों और राम दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

बैठक में कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दर्दनाक घटना का हवाला देते हुए प्रयागराज में ऐसी किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, प्रवेश और निकास द्वार तथा अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था का पुनरावलोकन करने पर चर्चा हुई।

प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए अधिकारियों ने आवश्यक मार्गदर्शन और सुझाव साझा किए।

यह भी पढ़ें: मां दुर्गा के माथे पर मकड़ी और जाल क्यों? जानें महामाया का रहस्य

बाई का बाग में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग

बाई का बाग दुर्गा पूजा के जनसंपर्क अधिकारी लालू मित्तल ने बैठक में यातायात पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था करने और महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की मांग उठाई।

उन्होंने बताया कि बाई का बाग क्षेत्र में लगभग 50 मीटर की दूरी पर रामबाग बारवारी और नेता नगर दुर्गा पूजा कमेटी के पंडाल स्थित हैं। दोनों पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने से भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

यह भी पढ़ें: CJI सूर्यकांत ने अपना वादा किया पूरा, लेह में हाईकोर्ट बेंच का किया शुभारंभ 

वॉलंटियर के साथ पुलिस की मौजूदगी भी जरूरी

लालू मित्तल ने बताया कि पूजा पंडाल से लगातार उद्घोषणा कर श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार से अंदर आने, निकास द्वार से बाहर जाने और एक स्थान पर खड़े होकर भीड़ न लगाने की अपील की जाती है। इसके बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पूजा समितियों के वॉलंटियर और निजी सुरक्षा गार्ड व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हैं, लेकिन वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का अलग प्रभाव होता है। इसलिए पूजा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

बैठक में बाई का बाग दुर्गा पूजा के कार्यकारी अध्यक्ष टीपी मिश्रा, सचिव रत्नेश पांडे और सचिव सुनील सिंह भी उपस्थित रहे।

Location :  Prayagraj

Published :  18 October 2026, 7:42 PM IST

Advertisement