हत्या के मामले में गवाह था अरविंद, तिलक में जाने की थी तैयारी, प्रयागराज मर्डर से अनसुलझे राज

प्रयागराज के अल्लापुर में सैलून में शेविंग करा रहे अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अरविंद हत्या के एक मामले में गवाह था।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 November 2026, 12:06 PM IST
google-preferred

प्रयागराज: हत्या के एक मामले में गवाही देना अरविंद पासी की जान पर भारी पड़ गया। प्रयागराज के अल्लापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम सैलून में शेविंग कराने पहुंचे 32 वर्षीय अरविंद पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद पर गवाही से पीछे हटने का दबाव बनाया जा रहा था। आशंका है कि इसी रंजिश में उसकी हत्या कराई गई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।

तिलक समारोह में जाने से पहले हुई हत्या

अल्लापुर के पूरा दलेल निवासी अरविंद पासी की मौसी के बेटे का गुरुवार को तिलक समारोह था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह घर के पास यूको बैंक के नजदीक स्थित शेरू नाई की दुकान पर शेविंग कराने पहुंचा था। इसी दौरान हमलावरों ने अरविंद पर गोलियां चला दीं।

गंभीर रूप से घायल अरविंद को परिजन और पुलिस एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गवाही से हटने के लिए मिल रही थीं धमकियां

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरविंद हत्या के एक मामले में गवाह था। आरोप है कि उसे लगातार गवाही से पीछे हटने के लिए धमकियां दी जा रही थीं। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुपारी देकर उसकी हत्या कराई है। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल लोगों और साजिशकर्ताओं का पता लगाने में जुटी है।

पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों का हंगामा

अरविंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान घटना की जानकारी देते हुए एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी।

मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी सागर जैन और एडीसीपी सिटी श्रुति श्रीवास्तव ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

परिजनों ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। शुक्रवार दोपहर अरविंद के शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी है।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 12:06 PM IST

Advertisement