
ट्रेन की चपेट में आकर मवेशियों की मौत(Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। खिरिदीपुर गांव के पास प्रयागराज-रायबरेली रेलमार्ग पर पटरी पार कर रहीं करीब 12 बकरियां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में सभी बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, समय रहते चेतावनी मिलने से उन्हें चरा रही महिलाएं सुरक्षित बच गईं।
जानकारी के मुताबिक कुछ महिलाएं रेलवे ट्रैक के आसपास अपनी बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान एक ट्रेन को आता देख रेलवे गेटमैन ने शोर मचाकर महिलाओं को पटरी से हटने के लिए कहा। आवाज सुनते ही महिलाएं तुरंत ट्रैक से दूर चली गईं, लेकिन बकरियां वहां से नहीं हट सकीं।
महिलाओं के सुरक्षित हटने के कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार ट्रेन बकरियों को कुचलते हुए निकल गई। इस दर्दनाक घटना में लगभग दर्जनभर बकरियों की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अपनी बकरियों की मौत से चरवाहा महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे में किसी महिला के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बकरियों की मौत से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक बकरियां कई परिवारों की आय का महत्वपूर्ण साधन थीं। गेटमैन की तत्परता से महिलाओं की जान बच गई, लेकिन मवेशियों को नहीं बचाया जा सका।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने पशुपालकों और आम लोगों से रेलवे पटरियों के आसपास मवेशियों को न ले जाने की अपील की है। RPF के अनुसार रेलवे ट्रैक के पास पशु चराना खतरनाक होने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन भी है। तेज रफ्तार ट्रेन को अचानक रोकना संभव नहीं होता, इसलिए थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
Location : Pratapgarh
Published : 16 September 2026, 8:18 PM IST