
जमीन की पैमाइश के दौरान हुआ हंगामा (img; Dynamite news)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ जिले के कंधई थाना क्षेत्र के रखहा गांव में जमीन की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। जहां उग्र ग्रामीणों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए राजस्व कर्मियों से गाली-गलौज की, मारपीट की और दोबारा गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने 21 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, रखहा गांव निवासी मालती देवी ने अपनी जमीन की पैमाइश के लिए प्रशासन से शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए शुक्रवार को राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, लेखपाल दिलीप प्रजापति और लेखपाल सुनील कुमार गौतम राजस्व ग्राम रखहा की गाटा संख्या 690 पर पहुंचे थे।
राजस्व टीम ने जैसे ही मौके पर जमीन की पैमाइश शुरू की, वहां विवाद की स्थिति बन गई।
ये भी पढ़ें: एलपीयू हिंसा में बड़ा एक्शन: मिग-23 पर खड़ा ‘वायरल शख्स’ गिरफ्तार, मंडी से नाबालिग काबू; अब तक 12 गिरफ्तार
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पैमाइश का विरोध करते हुए गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और सरकारी काम का विरोध करने लगे। जब राजस्व टीम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने पूरी टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित लेखपाल सुनील कुमार गौतम को उनके कथित वर्ग को लेकर जातिसूचक शब्द कहे और बुरी तरह अपमानित किया। विरोध जताने पर आरोपियों ने टीम पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आरोपियों ने राजस्व टीम को दोबारा गांव में कदम रखने पर जान से मारने की धमकी दी और सरकारी काम को बीच में ही रुकवा दिया।
ये भी पढ़ें: गांधी-शास्त्री जयंती पर महराजगंज पुलिस का अलग अंदाज, एसपी ने दिलाई शपथ और इन पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
घटना के बाद लेखपाल सुनील कुमार गौतम ने कंधई थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पारसनाथ सिंह, अशोक कुमार सिंह, सूर्यपाल सिंह, अरुण सिंह, अमरजीत सिंह, भोला सिंह, इंद्रपाल सिंह, नवल किशोर सिंह, राकेश सिंह, बीरेंद्र सिंह, हंसराज सिंह, रवि सिंह, रुपेश सिंह, बृजेश सिंह, विमलेश सिंह, संदीप सिंह, प्रदीप सिंह, बल्लू सिंह, कृष्ण सिंह, सचिन सिंह और सतीश पाल को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: मुरादाबाद में पिज्जा रेस्टोरेंट के अंदर अचानक हुआ धमाका, उड़ गए दुकान के परखच्चे; 5 लोग घायल
मामले में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रदीप सिंह को सौंपी है। पुलिस के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सीओ पट्टी प्रदीप सिंह के मुताबिक, लेखपाल की शिकायत के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी देने और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : pratapgarh
Published : 2 October 2026, 3:42 PM IST
Topics : pratapgarh news SC ST Act Case UP News