प्रतापगढ़ में प्राइवेट बस चालकों की दबंगई, रोडवेज चालक को बीच सड़क पर पीटा; हाईवे पर लगा जाम

प्रतापगढ़ के भंगवा चुंगी चौराहे पर निजी बस कर्मियों पर यूपी रोडवेज चालक की पिटाई का आरोप लगा है। विरोध में चालक ने बस सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 November 2026, 6:04 PM IST
Pratapgarh News: नगर कोतवाली क्षेत्र के व्यस्त भंगवा चुंगी चौराहे पर रविवार को प्राइवेट बस कर्मियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया। आरोप है कि निजी बस के कुछ चालकों ने पुलिस चौकी के सामने ही यूपी रोडवेज बस के चालक की बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई कर दी। सरेराह हुई मारपीट से नाराज रोडवेज चालक ने अपनी बस सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर दी। इसके चलते अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस चौकी के सामने रोडवेज चालक से मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भंगवा चुंगी चौराहे पर निजी बस कर्मियों और रोडवेज बस चालक के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद निजी बस के कुछ चालकों ने रोडवेज चालक के साथ मारपीट की। घटना पुलिस चौकी के सामने हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस (Image: Dynamite News)

विरोध में सड़क पर खड़ी कर दी बस, हाईवे पर लगा जाम

मारपीट से आक्रोशित रोडवेज चालक ने अपनी बस बीच सड़क पर खड़ी कर दी। इसके बाद अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे सैकड़ों राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम

घटना की सूचना मिलते ही टीएसआई अली अकबर और भंगवा चुंगी पुलिस चौकी प्रभारी रमेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद सड़क पर खड़ी बस को हटवाया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।

नामजद शिकायत के आधार पर जांच शुरू

पीड़ित रोडवेज चालक ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी निजी बस कर्मियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Pratapgarh

Published :  1 November 2026, 6:04 PM IST