हिंदी
10 हजार की रिश्वत लेते LDB बैंक का फील्ड ऑफिसर गिरफ्तार (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सूबे में जारी zero-tolerance नीति के तहत एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को प्रतापगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने रानीगंज स्थित भूमि विकास बैंक (LDB) के फील्ड ऑफिसर हरिश्चंद्र चौरसिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी पशुशाला और कृषि कार्य के लिए लोन पास कराने के एवज में पीड़ित से घूस मांग रहा था। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रामापुर ओवरब्रिज के पास से उस समय दबोचा, जब वह घूस की रकम लेकर कार से भागने की फिराक में था।
जानकारी के अनुसार, रानीगंज क्षेत्र के सुजहा गांव निवासी विजयकांत बिंद ने कृषि कार्य और पशुशाला निर्माण के लिए एलडीबी बैंक (रानीगंज) में लोन के लिए आवेदन किया था। लोन स्वीकृत करने की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर फील्ड ऑफिसर हरिश्चंद्र चौरसिया लगातार विजयकांत से मोटी रकम की मांग कर रहा था। बैंक अधिकारी की प्रताड़ना और रिश्वतखोरी से तंग आकर विजयकांत ने इसकी लिखित शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया।
प्रतापगढ़ में बाग के पेड़ से लटका मिला शिक्षक का शव, पुलिस ने शुरू की गहन छानबीन
सोमवार दोपहर योजना के मुताबिक, फील्ड ऑफिसर ने पीड़ित विजयकांत को रिश्वत की रकम के साथ फतनपुर बुलाया। इसके बाद वह विजयकांत को अपनी कार में बैठाकर गीतानगर की तरफ ले गया। रास्ते में धरी स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हरिश्चंद्र चौरसिया ने विजयकांत से 10 हजार रुपये नकद ले लिए।
पैसे मिलते ही आरोपी ने पीड़ित को कार से उतार दिया और आगे बढ़ गया। लेकिन उसे भनक तक नहीं थी कि एंटी करप्शन की टीम लगातार उसकी कार का पीछा कर रही थी। जैसे ही आरोपी की कार रामापुर ओवरब्रिज के पास पहुंची, पहले से मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया और आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कार की तलाशी के दौरान कथित तौर पर रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लिए गए।
प्रतापगढ़ में बाग के पेड़ से लटका मिला शिक्षक का शव, पुलिस ने शुरू की गहन छानबीन
गिरफ्तारी के बाद मौके पर ही जब एंटी करप्शन टीम ने आरोपी फील्ड ऑफिसर के हाथ केमिकल युक्त पानी से धुलवाए, तो पानी का रंग तुरंत बदल (गुलाबी हो) गया। इस वैज्ञानिक साक्ष्य के बाद आरोपी की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही स्थानीय फतनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एंटी करप्शन टीम आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर फतनपुर थाने आई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इस बड़ी कार्रवाई से जिले के अन्य सरकारी विभागों और बैंक कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
Location : Pratapgarh
Published : 12 October 2026, 6:16 PM IST