
सड़क हादसा (Img : Dynamite News)
प्रतापगढ़ : गंगा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महेशगंज थाना क्षेत्र के लोकैयापुर गांव के पास दिल्ली से वाराणसी जा रही एक तेज रफ्तार लग्जरी वोल्वो बस ने आगे चल रहे एल्यूमिनियम रोल से लदे आयशर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर एल्यूमिनियम का सामान बिखर गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। ट्रक चालक और बस के स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वोल्वो बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एल्यूमिनियम रोल से लदा आयशर ट्रक सड़क के बीचोंबीच पलट गया। ट्रक में रखा भारी मात्रा में एल्यूमिनियम का सामान एक्सप्रेसवे पर दूर-दूर तक बिखर गया। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और वहां से गुजर रहे राहगीर घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने हादसे में घायल हुए वाहन चालकों और कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी ली।
हाईवे पर एल्यूमिनियम का सामान
स्थानीय पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई लग्जरी वोल्वो बस दिल्ली से बनारस जा रही थी। हादसे के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था। बस में केवल चालक और खलासी मौजूद थे। बस में यात्रियों के बजाय कपड़े और अन्य व्यावसायिक सामान लदा हुआ था। वहीं, ट्रक एल्यूमिनियम रोल लेकर जा रहा था।
पैमाइश करने गए लेखपाल पर लाठी-डंडों से हमला, प्रतापगढ़ में कानून के रखवालों पर जानलेवा हमला
हादसे में ट्रक चालक समेत बस के स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस में यात्री सवार होते या आसपास से कोई अन्य वाहन गुजर रहा होता, तो दुर्घटना का परिणाम और गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही महेशगंज थाना पुलिस और हाईवे अथॉरिटी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और हाईवे पर बिखरे एल्यूमिनियम के सामान को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। इसके बाद भारी-भरकम क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे आयशर ट्रक को हटाया गया।
Location : Pratapgarh
Published : 5 November 2026, 3:15 PM IST