प्रतापगढ़ में सो रहे किसान पर गिरा मकान का जर्जर लिंटर, दर्दनाक मौत; पढ़ाई कर रहा बेटा दौड़कर पहुंचा

प्रतापगढ़ के बरहूपुर गांव में मंगलवार रात एक किसान अपने कमरे में सो रहा था, तभी जर्जर मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर पढ़ाई कर रहा बेटा दौड़ा तो सामने मलबे में दबे पिता का खौफनाक मंजर था।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 30 September 2026, 12:48 PM IST

Pratapgarh: पट्टी कोतवाली इलाके के बरहूपुर गांव में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक घर का जर्जर लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके मलबे में दबकर 55 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खाना खाने के बाद सोने गए थे रामकुमार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहूपुर निवासी रामकुमार वर्मा (55) पुत्र राम अधीन वर्मा मंगलवार रात को रोजाना की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए गए थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे हिस्से में थे, जबकि उनका बेटा भानु प्रताप वर्मा बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। रात करीब 10 बजे अचानक एक जोरदार आवाज के साथ रामकुमार के कमरे की छत का लेंटर ढह गया।

ये भी पढ़ें- ‘आपके बिना सब सूना’, यूपी चुनाव से पहले बृजभूषण सिंह के बयान से सियासी तूफान, सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर कह दी बड़ी बात

धमाके की आवाज सुनकर बेटा भानु प्रताप बदहवास हालत में कमरे की तरफ दौड़ा। वहां का मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे की छत पूरी तरह गिर चुकी थी और उसके पिता मलबे के नीचे दबे हुए थे। भानु प्रताप के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।

मलबा हटाकर निकाला गया बाहर

ग्रामीणों ने आनन-फानन में स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद भारी-भरकम मलबे को हटाकर रामकुमार को बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- कौशांबी के बच्चों ने DM से मांगी लाइट; 10 घंटे में गांव की गलियां हुईं रोशन, रातों-रात लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें

कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो मकान 40 वर्ष पुराना बताया जा रहा है। मकान देखरेख और मरम्मत के अभाव में जर्जर हो चुका था क्योंकि लिंटर में लगी सरिया साफ नजर आ रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  30 September 2026, 12:48 PM IST