काम में ढिलाई पड़ी भारी, 8 इंजीनियरों का वेतन रुका, एक का ट्रांसफर

देवीपाटन जोन में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी और फोन न उठाने के मामले में पावर कॉर्पोरेशन ने कड़ी कार्रवाई की है। आठ अवर अभियंताओं का एक दिन का वेतन रोका गया है, जबकि एक का तबादला कर दिया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 June 2026, 3:54 PM IST

Gonda: बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के प्रति उदासीनता और अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पावर कॉर्पोरेशन ने देवीपाटन जोन में कड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। विभागीय लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए आठ अवर अभियंताओं (जेई) का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। कार्रवाई की जद में बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जनपदों में तैनात अभियंता शामिल हैं।

उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी

बताया गया है कि कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी कि बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी की जा रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद रहने या कॉल रिसीव न करने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इन शिकायतों की समीक्षा के बाद मुख्य अभियंता ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की।

पावर कॉर्पोरेशन की बड़ी कार्रवाई

इसी क्रम में धानेपुर विद्युत उपखंड के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) शेषमणि त्रिपाठी का तबादला कर उन्हें बहराइच जिले के महसी उपकेंद्र भेज दिया गया है। उन पर हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में समय पर विद्युत आपूर्ति बहाल न करने तथा राहत कार्यों में अपेक्षित सक्रियता न दिखाने का आरोप है। विभाग ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए स्थानांतरण की कार्रवाई की है।

शिकायत समाधान व्यवस्था बनाई जाएगी बेहतर

धानेपुर में उनकी जगह महसी उपकेंद्र में तैनात शाहिद माशूक को नया एसडीओ नियुक्त किया गया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस बदलाव से क्षेत्र में विद्युत सेवाओं की निगरानी और शिकायत समाधान व्यवस्था बेहतर होगी।

भविष्य में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अभियंताओं और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, अपने मोबाइल फोन सक्रिय रखने तथा आपात परिस्थितियों में तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। विभाग की इस कार्रवाई को जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Location :  Gonda

Published :  9 June 2026, 3:54 PM IST