हिंदी
महिला सिपाही ने छोड़ी दुनिया (Image: Pinterest)
Etawah: इटावा में पुलिस लाइन के आवासीय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 32 साल की महिला सिपाही प्रियंका की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रविवार को वह अपने पति रजत के साथ शॉपिंग के लिए गई थी। दोनों शाम करीब साढ़े 5 बजे घर लौटे। इसके करीब एक घंटे बाद प्रियंका की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
क्या है पूरा मामला?
पति रजत ने आसपास रहने वाले लोगों को बताया कि प्रियंका की तबीयत खराब है। इसके बाद वह उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों को पता चला कि प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विवाद के बाद जहर खाने की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर लौटने के बाद प्रियंका और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, विवाद की असल वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का क्या कहना है?
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति से विवाद के बाद महिला सिपाही द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
2019 में पुलिस में भर्ती हुई थी प्रियंका
प्रियंका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी। साल 2019 में वह उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुई थी। फिलहाल उसकी तैनाती सैफई थाने में थी। करीब तीन साल पहले उसने सहारनपुर के ही रहने वाले रजत से लव मैरिज की थी। रजत फिलहाल बेरोजगार बताया जा रहा है और वह प्रियंका के साथ पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर में ही रहता था।
दो छोटे बच्चों को छोड़ गई मां
प्रियंका और रजत के दो छोटे बच्चे हैं। उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी और छह महीने का बेटा है। बेटी दादी के पास रहती है, जबकि छोटा बेटा प्रियंका के साथ रहता था। इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
SSP ने मौके पर पहुंचकर की पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पति रजत से पूछताछ की। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etawah
Published : 10 August 2026, 4:09 PM IST