
पुलिस का अभियान
Etawah : अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ पुलिस ने रविवार को बड़ा अभियान चलाते हुए कई वाहनों पर सख्त कार्रवाई की। इस विशेष अभियान के दौरान 16 डम्पर और ट्रकों को सीज किया गया, जबकि 14 वाहनों का चालान कर कुल 20 लाख 56 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देश पर चलाया गया। अभियान की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि इसका संचालन अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चन्द्र के नेतृत्व में हुआ। पुलिस टीम ने राजस्व विभाग और परिवहन विभाग (RTO) के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के चल रहे वाहनों, ओवरलोडिंग करने वाले ट्रकों और डम्परों, फॉल्टी नम्बर प्लेट वाले वाहनों, नम्बर प्लेट पर कालिख लगाने वाले चालकों तथा बिना नम्बर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सीज और चालान की कार्रवाई की गई।
इटावा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
सबसे बड़ी कार्रवाई बकेवर थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहां 10 डम्पर और ट्रकों को सीज किया गया। इस क्षेत्र से सबसे अधिक करीब 15 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं ऊसराहार थाना क्षेत्र में 4 वाहनों को सीज कर 1.21 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। चौबिया थाना क्षेत्र में 1 डम्पर सीज किया गया, जबकि 5 वाहनों का चालान कर 3.70 लाख रुपये की वसूली की गई।
भरथना थाना क्षेत्र में 1 डम्पर सीज और 3 वाहनों का चालान किया गया, जहां 25 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। इसके अलावा वैदपुरा थाना क्षेत्र में 6 ट्रक और डम्परों का चालान करते हुए 40 हजार रुपये की वसूली की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Location : Etawah
Published : 27 May 2026, 5:46 PM IST