
पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़
Muzaffarnagar : देर रात नई मंडी कोतवाली पुलिस और अंतरराज्यीय लुटेरों के बीच उस समय मुठभेड़ हो गई जब पुलिस दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में सख्त चेकिंग अभियान चलाया था, तभी एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध लोग पुलिस को दिखाई दिए।
मुजफ्फरनगर: नई मंडी पुलिस और अंतरराज्यीय लुटेरों के बीच NH-58 पर मुठभेड़। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी परवेज और वकील घायल हुए। दोनों पर लूट-चोरी समेत कई राज्यों में दर्जनों केस दर्ज हैं। पुलिस ने हथियार व स्कूटी बरामद कर… pic.twitter.com/kxGPIRZscv
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 15, 2026
पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर स्कूटी सवार दोनों बदमाशों ने खुद को घिरता देख अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लग गई, जिसके बाद वे घायल अवस्था में गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को दबोच लिया। घायलों की पहचान परवेज और वकील के रूप में हुई है, जो अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
मुजफ्फरनगर में किसान-मजदूरों के मुद्दों को लेकर गरजे पूरण सिंह, यूपी को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों बदमाश कई राज्यों में लूट, चोरी और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल रहे हैं। जानकारी के अनुसार परवेज पर 28 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वकील पर करीब 15 मामले दर्ज हैं। ये दोनों लंबे समय से सक्रिय शातिर अपराधी माने जा रहे हैं।
पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध स्कूटी, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को शक है कि ये मोबाइल और स्कूटी किसी बड़ी आपराधिक वारदात से जुड़े हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और संदिग्धों को घेर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में उन्हें गोली लगी और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 16 June 2026, 1:40 AM IST