
गाजियाबाद में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा (Image: Social Media)
Ghaziabad News: रक्षाबंधन और आने वाले त्योहारों को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में छेड़छाड़ और बदसलूकी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऑपरेशन डिकॉय शुरू किया है। इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में आम लोगों के बीच मौजूद रहेंगी और मनचलों व शरारती तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि ऑपरेशन डिकॉय की जिम्मेदारी एसीपी सुचिता सिंह को सौंपी गई है। पूरे जिले में महिला पुलिस की 28 विशेष टीमें बनाई गई हैं। हर टीम में एक महिला दरोगा समेत कुल 8 पुलिसकर्मी शामिल होंगे। सभी पुलिसकर्मी बिना वर्दी के तैनात रहेंगे, ताकि भीड़ में रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर आसानी से नजर रखी जा सके।
ऑपरेशन डिकॉय के तहत शहर के प्रमुख बाजारों, मॉल, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और स्कूल-कॉलेज के आसपास महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। टीमें भीड़ के बीच रहकर महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखेंगी। अगर कोई युवक बदसलूकी या परेशान करते हुए पकड़ा गया तो महिला पुलिसकर्मी तुरंत संबंधित थाने को सूचना देंगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
एसीपी सुचिता सिंह ने बताया कि महिला पुलिस की टीमें सुबह 8 बजे से स्कूल और कॉलेजों के आसपास निगरानी करेंगी। दोपहर में भी संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। शाम के समय जब बाजारों में भीड़ बढ़ती है, तब विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इस अभियान में एंटी रोमियो स्क्वायड और मिशन शक्ति से जुड़ी महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए हैं कि अभियान के नाम पर किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाए।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस पैदल गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी करेगी। बारावफात को देखते हुए पुलिस ने गोकशी से जुड़े मामलों पर भी नजर रखने और चिन्हित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नैयर ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस, शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर पहले से तैयारी करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों के रूट का पहले निरीक्षण किया जाए और उसी हिसाब से पुलिस ड्यूटी तय की जाए। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को सभी समुदायों के गणमान्य लोगों और पीस कमेटी के सदस्यों के संपर्क में रहने को कहा गया है, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सौहार्द कायम रहे।
Location : Ghaziabad News
Published : 24 August 2026, 5:39 PM IST