हिंदी
बैंक कर्मचारियों ने लौटाई नकदी
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के झींझक कस्बे में ईमानदारी की मिसाल देखने को मिली, जहां पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों ने बैंक परिसर में मिले 50 हजार रुपये सही मालिक तक पहुंचाकर मानवता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। बैंक कर्मचारियों की इस सराहनीय पहल की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।
क्या हुआ था पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, कस्बा झींझक के श्रीनगर मोहल्ला निवासी रामकृष्ण दोहरे बीती 25 मई 2026 को पंजाब नेशनल बैंक शाखा में करीब डेढ़ लाख रुपये जमा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके 50 हजार रुपये कहीं गिर गए। बैंक से घर पहुंचने पर उन्होंने पूरे घर में खोजबीन की, बाद उन्हें रुपयों के गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने काफी खोजबीन की, रुपये खो जाने से वह बेहद परेशान हो गए थे।
बैंक कर्मचारी को बैंक के अंदर मिले रुपए
उधर बैंक में कैशियर पद पर तैनात मनीष कुमार को काउंटर के सामने रखी बेंच पर 50 हजार रुपये पड़े मिले। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी शाखा प्रबंधक अरुण कुमार मिश्रा को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए शाखा प्रबंधक ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास शुरू कराया, जिसके रुपये छूट गए थे।
सीसीटीवी कैमरे से हुई पहचान... बैंक अधिकारी ने लौटाई खुशियां
काफी प्रयास के बाद शुक्रवार को रामकृष्ण दोहरे की पहचान हुई। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने दूरभाष के माध्यम से उनसे संपर्क कर बैंक बुलाया और उन्हें बताया कि उनके 50 हजार रुपये सुरक्षित मिल गए हैं। यह सूचना मिलते ही रामकृष्ण दोहरे भावुक हो उठे और उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए।
पूर्व पशुधन अधिकारी रहे रामकृष्ण दोहरे
रामकृष्ण दोहरे ने बताया कि वह पूर्व पशुधन अधिकारी रहे हैं तथा एफडी तुड़वाकर प्राप्त रकम बैंक में जमा करने आए थे। उन्होंने शाखा प्रबंधक अरुण कुमार मिश्रा, कैशियर मनीष कुमार सहित बैंक कर्मचारियों की ईमानदारी और कार्यशैली की सराहना की। इस दौरान लोन ऑफिसर महावीर सचान, पूर्व खजांची रामसिंह तोमर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Location : Kanpur Dehat
Published : 29 May 2026, 12:52 PM IST
Topics : cash Honesty Kanpur dehat PNB Bank UP News