
प्रसुता की मौत से मचा बवाल
Maharajganj: नगर पंचायत पनियरा स्थित ‘न्यू ज्योतिमा’ नामक निजी अस्पताल एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। अस्पताल में डिलेवरी के लिए भर्ती कराई गई ग्राम पंचायत तेंदुअहिया की एक महिला की ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार घटना के बाद परिजनों ने शव को लेकर पनियरा थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा होने पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर द्वारा ऑपरेशन किए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल संचालक महिला को मेडिकल कॉलेज ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
Cyber Crime: साइबर अपराधियों पर भारी पड़ी पुलिस की चौकसी, इस तरह वापस हुई ठगी गई रकम
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अस्पताल पहले भी विवादों में रह चुका है। पूर्व में ‘ज्योतिमा हॉस्पिटल’ नाम से संचालित इस अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान एक जच्चा की मौत हो गई थी। उस समय स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज किया था और भारी मात्रा में सरकारी दवाएं मिलने की भी चर्चा रही। आरोप है कि बाद में अस्पताल ने कुछ दूरी पर ‘न्यू ज्योतिमा’ नाम से दोबारा संचालन शुरू कर दिया।
14 साल की लड़की ने दिया बच्चे को जन्म, मां ने पूछा पिता का नाम तो जवाब आया- बड़ी दाढ़ी वाले…
घटना के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार बताया जा रहा है और अस्पताल बंद मिला। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायतों और घटनाओं के बावजूद ऐसे अस्पतालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है।
पनियरा थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है और तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 19 February 2026, 3:58 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Medical Negligence Police Investigation private hospital uttar pradesh