मुजफ्फरनगर : कॉलेज में क्या दबाया गया था? खुदाई के बाद मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित विश्वकर्मा इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रों के अभिभावकों और ग्रामीणों ने कॉलेज परिसर में पूर्व प्रबंधक की अस्थियां दबाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 May 2026, 5:28 AM IST

Muzaffarnagar : जिले में एक कॉलेज परिसर उस वक्त विवाद और हंगामे का केंद्र बन गया, जब छात्रों के अभिभावकों और ग्रामीणों ने कॉलेज प्रबंधन पर पूर्व प्रबंधक की अस्थियां कॉलेज परिसर में दबाने का आरोप लगाया। मामला सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण कॉलेज पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि कॉलेज परिसर में पेड़ों के नीचे मानव अस्थियां दबाई गईं। जिससे छात्रों में डर और दहशत का माहौल बन गया है।

कॉलेज परिसर में पेड़ों के नीचे दबाई गईं अस्थियां?

पूरा मामला मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नरा जड़ौदा गांव स्थित विश्वकर्मा इंटर कॉलेज का है। आरोप है कि कॉलेज के पूर्व प्रबंधक स्वर्गीय वेद प्रकाश शर्मा का 1 मई को निधन हो गया था। इसके बाद उनके परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन और प्रधानाचार्य के साथ मिलकर उनकी अस्थियों को कॉलेज परिसर में स्थित पेड़ों के नीचे दबा दिया।

मुजफ्फरनगर में धर्म परिवर्तन फिर मेरठ जाकर शादी! क्या बोले एसपी सिटी

जब इस बात की जानकारी छात्रों और ग्रामीणों को हुई तो कॉलेज में हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने इसे शिक्षा के मंदिर को अपवित्र करने वाला कृत्य बताते हुए जमकर विरोध किया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

हंगामे की सूचना पर मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पेड़ों के नीचे खुदाई कराई। जहां से अस्थियों जैसे अवशेष बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

हालांकि कॉलेज के प्रिंसिपल नरेश कुमार ने पूरे मामले से अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन ग्रामीणों और कॉलेज समिति के सदस्यों ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह हिंदू रीति-रिवाज के खिलाफ : डॉ. एमएल भार्गव

कॉलेज की साधारण सभा के सदस्य डॉ. एमएल भार्गव ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रबंधक के बेटे और कॉलेज प्रबंधन ने मिलकर यह काम किया। उन्होंने कहा कि हिंदू रीति-रिवाज में अस्थियों को गंगा या पवित्र नदी में विसर्जित किया जाता है। यहां उन्हें कॉलेज परिसर में दबा दिया गया। यह बेहद निंदनीय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल और प्रबंधन समिति के कई सदस्य इस पूरे मामले में शामिल थे। उनका कहना है कि कॉलेज को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि यह एक सामाजिक और शैक्षणिक स्थल है।

ग्रामीण बोले- बच्चे डरे हुए हैं

ग्रामीण विनय भारद्वाज ने कहा कि कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे इस घटना के बाद काफी डरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जब अस्थियां दबाई गईं, उस समय कॉलेज के प्रिंसिपल समेत कई लोग मौके पर मौजूद थे। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

मंसूरपुर थाना पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि बरामद अवशेषों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वे किसके हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  9 May 2026, 5:28 AM IST