हिंदी
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी
Gorakhpur : महिला हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना एम्स पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और मृतका का मंगलसूत्र बरामद किया गया है।
गोरखपुर महिला हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, एम्स पुलिस और SOG टीम की मुठभेड़ में आरोपी राजधारी यादव गिरफ्तार। हत्या में प्रयुक्त चाकू, तमंचा, कारतूस व मंगलसूत्र बरामद। प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद महिला की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका गया था। जांच जारी।@gorakhpurpolice… pic.twitter.com/S4ECJjcWzX
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 9, 2026
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजधारी यादव पुत्र रघुनाथ यादव के रूप में हुई है। यह बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बोधरवा मैनागढ़ गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह गोरखनाथ क्षेत्र के हुमायूपुर स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। उसके खिलाफ थाना एम्स में हत्या का मुकदमा दर्ज था।
यह कार्रवाई एसएसपी गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में चलाए जा रहे महिला अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय और स्वॉट प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय की टीम ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया।
गोरखपुर से बड़ी खबर : घर में झगड़े के बाद युवक ने कुएं में लगाई छलांग, चला रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का महाराजगंज निवासी एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात गोरखपुर में काम के दौरान एक परिचित के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे, लेकिन बाद में महिला के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर विवाद बढ़ने लगे।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महिला को बिहार घुमाने ले गया था। लौटने के बाद 5 मई की रात उसने महिला को गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन से कूड़ाघाट जाने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर ले जाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी केस बढ़ा दिया है। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 9 May 2026, 6:36 AM IST