
पलवल हादसे पर अखिलेश यादव ने जताया दुख
Mainpuri: हरियाणा के पलवल में केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मैनपुरी जिले के छह लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में किशनपुर मुर्गिया, मकोया, चांदा समेत आसपास के गांवों के रहने वाले श्रद्धालुओं की असमय मौत हुई है। घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी शोक संदेश में अखिलेश यादव ने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
बताया गया कि हादसे में विजय सिंह चांदा, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा देवी और महेश की मौत हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित गांवों और आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अखिलेश यादव ने हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकार से घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में मैनपुरी के लोगों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है और इस कठिन समय में मृतकों के परिवारों के साथ संवेदनाएं हैं।
पड़ोसन का खौफनाक चेहरा! मैनपुरी में 60 साल की विधवा पर ढहाया सितम, चीख सुनकर दहल उठे देखने वाले
हादसे की खबर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Mainpuri
Published : 2 September 2026, 6:39 AM IST