
मेरठ पुलिस ने किया बड़ा खुलासा (Image: Dynamite News)
Meerut News: दिनदहाड़े कार से करीब एक करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात लूटे जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो कहानी कुछ और ही निकली। सर्राफा व्यापारी के ड्राइवर और नौकर ने मिलकर कथित तौर पर फर्जी लूट की पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से गायब की गई नकदी और जेवरात भी बरामद किए गए हैं।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। मेरठ निवासी सर्राफा व्यापारी शेख दिलावर के ड्राइवर और नौकर ने दो दिन पहले पुलिस को सूचना दी थी कि नवादा पुलिस चौकी क्षेत्र में कार से नकदी और जेवरात लूट लिए गए हैं। बताया गया कि लूट की रकम करीब एक करोड़ रुपये थी। दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। हालांकि पुलिस को शुरुआत से ही घटना की कहानी पर कुछ संदेह था। जांच के दौरान पुलिस ने जब मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो कथित साजिश का खुलासा होता चला गया।
एसपी अंकित शर्मा के मुताबिक, व्यापारी का नौकर आरिफ अंसारी काफी कर्ज में था। पुलिस का दावा है कि कर्ज चुकाने के लिए आरिफ ने अपने साथी वसीम अंसारी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची।आरोप है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नवादा में एक बिरयानी की दुकान के पास कार को जानबूझकर बिना लॉक किए खड़ा किया गया। इसके बाद वसीम ने कार से 79 लाख रुपये नकद और करीब 21 लाख रुपये के जेवरात कथित तौर पर गायब कर दिए। इसके बाद आरिफ ने पुलिस को दिनदहाड़े लूट की कहानी बता दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के दो दिन बाद आरिफ अपने साथी वसीम के साथ कथित तौर पर लूटी गई रकम और जेवरात लेकर मेरठ जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ और बरामदगी के बाद पुलिस ने कथित फर्जी लूट की पूरी कहानी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और बरामद रकम व जेवरात की पूरी जानकारी क्या है।
Location : Meerut
Published : 12 September 2026, 6:31 PM IST