आजम खां को नोटिस और जौहर यूनिवर्सिटी पर सुनवाई: रामपुर में आज सियासी हलचल तेज

रामपुर में आजम खां को 19 साल पुराने दुकान तोड़ने के मामले में पुलिस ने नोटिस भेजा है। न्यायालय के आदेश पर पुनर्विवेचना शुरू हो गई है। वहीं, जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण मामले में 23 नवंबर को मंडलायुक्त कोर्ट में सुनवाई होगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 12:28 PM IST

Rampur: रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। वर्ष 2007 में दुकान तोड़ने के 19 साल पुराने मामले में पुलिस ने पुनर्विवेचना शुरू कर दी है। जांच के सिलसिले में रविवार को रामपुर पुलिस आजम खां के आवास पर नोटिस तामील कराने पहुंची, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेज दिया। वहीं, जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर 23 नवंबर 2026 को मंडलायुक्त न्यायालय में सुनवाई होनी है।

रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में वर्ष 2007 में एक दुकान तोड़े जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में सपा नेता आजम खां को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उस समय मामले की विवेचना पूरी करने के बाद अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी थी।

हालांकि, दुकान स्वामी ने इसके बाद न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने पुनर्विवेचना के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद पुलिस ने पुराने मामले की दोबारा जांच शुरू कर दी है।

आजम खां के घर पहुंची पुलिस, अधिवक्ता के जरिए भेजा नोटिस

पुनर्विवेचना की जिम्मेदारी पटवाई थाने के प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है। वह पिछले तीन दिनों से आजम खां को नोटिस तामील कराने का प्रयास कर रहे हैं।

रविवार को भी पुलिस टीम आजम खां के आवास पर पहुंची, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भिजवा दिया।

एसपी अनिल सिंह शिशोदिया ने बताया कि गंज थाना क्षेत्र में दुकान तोड़ने के पुराने मामले में न्यायालय ने पुनर्विवेचना के आदेश दिए हैं। इसकी जांच पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है।

जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर आज होगी सुनवाई

आजम खां से जुड़े एक अन्य मामले में जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर 23 नवंबर 2026 को मंडलायुक्त न्यायालय में सुनवाई होनी है।

इससे पहले 22 अक्टूबर को हुई सुनवाई के दौरान यूनिवर्सिटी के अधिवक्ता ने जिलाधिकारी रामपुर की ओर से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने की बात कही थी। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी के 17 भवनों के मानचित्र न्यायालय में पेश किए गए थे।

40 में से 38 भवनों को अवैध मानकर जारी हुआ था आदेश

जिलाधिकारी एवं रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के उपाध्यक्ष अजय कुमार द्विवेदी ने 15 जुलाई 2026 को जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों को लेकर आदेश जारी किया था।

इस आदेश में यूनिवर्सिटी के कुल 40 भवनों में से 38 को अवैध मानते हुए उनके ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए थे। इसके खिलाफ जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट की ओर से मंडलायुक्त न्यायालय में याचिका दायर की गई है।

अब 23 नवंबर को होने वाली सुनवाई में इस मामले की आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है। एक तरफ 19 साल पुराने मामले में पुनर्विवेचना शुरू हो गई है, तो दूसरी तरफ जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों को लेकर कानूनी लड़ाई भी जारी है।

Location :  Rampur

Published :  23 November 2026, 12:28 PM IST