हिंदी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले जेवर पूरी तरह हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर हजारों पुलिसकर्मी, स्नाइपर और हाईटेक निगरानी सिस्टम तैनात किए गए हैं।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Greater Noida: जेवर की जमीन पर इस वक्त सिर्फ एक एयरपोर्ट का उद्घाटन नहीं होने जा रहा, बल्कि यहां का पूरा इलाका किसी हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन जैसा नजर आ रहा है। चारों तरफ पुलिस, छतों पर तैनात स्नाइपर, हर हरकत पर नजर रखते कैमरे माहौल ऐसा है मानो कोई बड़ा खतरा मंडरा रहा हो। वजह है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा, जो इस पूरे इलाके को सुरक्षा के किले में बदल चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। वह दोपहर करीब 12 बजे जेवर पहुंचेंगे और इसके बाद एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। यह एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।
कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा पहुंच चुके हैं। उनके रुकने की व्यवस्था जीबीयू में की गई है। बताया जा रहा है कि वह अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे। हालांकि उनके पूरे शेड्यूल को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन प्रशासन ने उनकी मौजूदगी को लेकर भी पूरी तैयारी कर रखी है।
नोएडा एयरपोर्ट के नाम पर 24 करोड़ की ठगी, पुलिस ने दबोचा एक और अपराधी, अब तक 23 लोगों पर कार्रवाई
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि यहां से उड़ानें कब शुरू होंगी। अधिकारियों के मुताबिक, पहली फ्लाइट और उसके रूट का फैसला उद्घाटन के बाद किया जाएगा। टिकट बुकिंग उड़ान शुरू होने से 15 से 20 दिन पहले शुरू कर दी जाएगी। संभावना है कि अप्रैल के मध्य तक कॉमर्शियल फ्लाइट्स की बुकिंग शुरू हो जाए। पहले चरण में 12 शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी, जिनमें मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ और कानपुर जैसे शहर शामिल हैं। आगे चलकर यह संख्या बढ़ाकर 47 शहरों तक की जाएगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सिर्फ घरेलू ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विकसित किया जा रहा है। इसके लिए कई एयरलाइंस कंपनियों से बातचीत चल रही है। एयर इंडिया, इंडिगो, विस्तारा और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी कंपनियां यहां से अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में हैं।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके में करीब 7000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एयरपोर्ट के आसपास 5 किलोमीटर का दायरा पूरी तरह सुरक्षा एजेंसियों के कब्जे में है। SPG समेत कई केंद्रीय एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं। इसके अलावा 10 आईपीएस अधिकारी, पीएसी और आरएएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।
नोएडा एयरपोर्ट का इंटरचेंज होगा देश का सबसे सुंदर, नितिन गडकरी 8 जुलाई को करेंगे ऐतिहासिक काम
कार्यक्रम स्थल पर 300 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए एक खास कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से वरिष्ठ अधिकारी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। नोएडा एक्सप्रेसवे पर वीवीआईपी मूवमेंट की मॉनिटरिंग भी हाईटेक सिस्टम के जरिए की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
एयरपोर्ट के आसपास की ऊंची इमारतों और मकानों पर हथियारबंद सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। कई जगहों पर स्नाइपर भी लगाए गए हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। इतना ही नहीं, जिले की सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हरियाणा बॉर्डर समेत आसपास के जिलों की सीमाओं पर हर आधा किलोमीटर पर पुलिस तैनात है।