नोएडा में भाजपा नेता को नहीं मिल रहा इंसाफ तो आम आदमी की छोड़ो बात… सुनाई दर्दभरी कहानी

नोएडा के FNG विहार गढ़ी चौखंडी में प्लॉट विवाद को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनेश कुमार ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग करते हुए अनशन और आत्मदाह की चेतावनी दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 24 August 2026, 6:41 PM IST

Noida News: नोएडा में एक प्लॉट विवाद को लेकर भाजपा नेता ने पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नोएडा के मंडल अध्यक्ष दीनबंधु कुमार ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए शिकायत पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने अपने भाई के प्लॉट पर कब्जे, मारपीट और पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है। दीनबंधु कुमार ने आरोप लगाया कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ अनशन पर बैठेंगे और एक हफ्ते बाद आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

FNG विहार के प्लॉट पर कब्जे का आरोप

शिकायत पत्र में दीनबंधु कुमार ने बताया कि उनके परिवार ने FNG विहार, गढ़ी चौखंडी में एक प्लॉट उनके भाई वीरेंद्र भगत के नाम पर खरीदा था। आरोप है कि इस प्लॉट पर तैयब नाम के व्यक्ति ने कब्जा कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जे के समय तत्कालीन चौकी इंचार्ज अंकित तरार की भूमिका भी संदिग्ध रही। मामले की शिकायत थाने में की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने ADD DCP से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार जांच में SHO ने पाया कि प्लॉट पर गलत तरीके से कब्जा किया गया था।

भाई से मारपीट का लगाया आरोप

दीनबंधु कुमार ने आरोप लगाया कि एक दिन जब उनके भाई वीरेंद्र भगत प्लॉट पर बैठे थे, तभी तैयब द्वारा भेजे गए कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें उनके भाई के दोनों हाथ टूट गए और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मेडिकल जांच (MLC) के बाद गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की बात कही गई थी, लेकिन करीब दो महीने बीतने के बाद भी न तो उन्हें अपडेट FIR उपलब्ध कराई गई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

पुलिस अधिकारियों पर भी लगाए आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि थाना फेज-3 के SHO और चौकी इंचार्ज की भूमिका भी मामले में संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि पूरा मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद अभी तक परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। दीनेश कुमार का कहना है कि उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों तक भी अपनी बात पहुंचाई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ अनशन करेंगे और एक सप्ताह बाद आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Noida

Published :  24 August 2026, 6:41 PM IST