
बिल्डर की लापरवाही से गिर रहा प्लास्टर
Noida: नोएडा में स्थित सेक्टर-78 के अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बहुमंजिला इमारतों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। जिससे निवासियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आए दिन हो रही इन घटनाओं में लोग घायल हो रहे हैं और खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरी स्थिति बिल्डर की कथित लापरवाही और घटिया निर्माण गुणवत्ता का नतीजा है। जिसे समय रहते सुधारा नहीं गया। सोसाइटी के अंदर अब हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोग अपने ही घर से बाहर निकलने से पहले सुरक्षा के तौर पर हेलमेट पहनने को मजबूर हैं।
निवासियों के अनुसार, इमारतों से प्लास्टर का गिरना अब रोजमर्रा की समस्या बन चुका है। कई बार छोटे-बड़े टुकड़े सीधे नीचे खड़े लोगों और वाहनों पर गिर चुके हैं। जिससे चोट और नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं। लोग इसे चलता-फिरता खतरा बता रहे हैं।
सोसाइटी में रहने वाले परिवारों का कहना है कि अब घर से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा डरे हुए हैं। लोग अपने दैनिक कामकाज के लिए भी पूरी सावधानी बरत रहे हैं, जिससे सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसान विमान में बैठकर जाएंगे लखनऊ, CM योगी से होंगे रूबरू
निवासियों ने आरोप लगाया है कि बिल्डर ने निर्माण के बाद मेंटेनेंस पर ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण इमारतों की हालत खराब होती जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
निवासियों ने अपनी समस्या को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व ट्विटर) के जरिए मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया है। लोगों को उम्मीद है कि इस मामले पर जल्द संज्ञान लिया जाएगा और बिल्डर व जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : Noida
Published : 14 June 2026, 6:54 AM IST