‘इतनी लूट और भ्रष्टाचार किसी सरकार में नहीं हुआ’ अखिलेश बोले- सपा सरकार बनी तो विश्वकर्मा जयंती पर होगी छुट्टी

SP प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा की कि अगर भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो विश्वकर्मा जयंती की छुट्टी फिर से शुरू की जाएगी और लखनऊ रिवरफ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा का मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर BJP पर भी निशाना साधा और रोज़गार की योजनाओं के बारे में बात की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 September 2026, 1:48 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस वार्ता के दौरान विश्वकर्मा समाज को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो भगवान विश्वकर्मा जयंती पर फिर से अवकाश घोषित किया जाएगा और लखनऊ के रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा जी के मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा देश के कारीगरों, शिल्पकारों और निर्माण से जुड़े लोगों के आराध्य हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज के विकास के लिए सपा सरकार विशेष योजनाएं और अलग बजट की व्यवस्था करेगी।

कारीगरों और शिल्पकारों के लिए विशेष योजनाओं का वादा

सपा प्रमुख ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के कारीगरों और शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराने, उत्पादन बढ़ाने और आर्थिक सहयोग देने के लिए योजनाएं बनाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि छोटे कारीगरों और पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से विशेष प्रयास किए जाएंगे।

बीजेपी सरकार पर अखिलेश यादव का हमला

प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और लूट सबसे ज्यादा हुई है।

उन्होंने कहा कि लखनऊ और दिल्ली के बीच ऐसी व्यवस्था चल रही है जिसमें यह देखने की कोशिश हो रही है कि किसे ज्यादा फायदा पहुंचाया जाए। ये आरोप अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लगाए।

रोजगार और नौकरी को लेकर किया दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं के लिए नौकरी के रास्ते खोलने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी युवाओं, कारीगरों और समाज के विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाएगी।

Location :  Lucknow

Published :  17 September 2026, 1:48 PM IST