
हंगामा करते ग्रामीण
Noida: रबूपुरा क्षेत्र के यमुना प्राधिकरण सेक्टर-32 बिजली उपकेंद्र पर मंगलवार रात बिजली कटौती को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि ट्रांसफर से नाराज एक निविदा कर्मचारी ने फीडर बंद कर कई गांवों की बिजली ठप कर दी। घंटों अंधेरे में रहने से ग्रामीण भड़क गए और बड़ी संख्या में उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
रबूपुरा क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-32 स्थित बिजली उपकेंद्र की आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। बताया गया कि रात करीब आठ बजे कई गांवों की बिजली एक साथ गुल हो गई, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
जानकारी के अनुसार दनकौर के एसडीओ अजय गुप्ता द्वारा निविदा कर्मचारी सुरजीत का ट्रांसफर किया गया था। इसी बात को लेकर उपकेंद्र पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ट्रांसफर से नाराज कर्मचारी शराब के नशे में उपकेंद्र पहुंचा और फीडर बंद कर दिए। इससे तनाजा, वीरामपुर, मुरादगढ़ी, नगला हुकम सिंह, नगला जहानू, नगला भाटौना और तिरथली समेत कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली कटौती रात करीब आठ बजे शुरू हुई और लगभग 11 बजे तक आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच अचानक बिजली जाने से ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ गया। कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में सेक्टर-32 बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि विभागीय लापरवाही और कर्मचारियों के विवाद का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और बंद फीडरों को चालू कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई।
प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ल ने बताया कि बिजली घर पर हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। विभागीय अधिकारियों की मदद से विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई और ग्रामीणों को शांत कर वापस भेज दिया गया।
विद्युत विभाग ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
Location : Noida
Published : 14 May 2026, 1:37 PM IST