Nepal Flood: ‘नेपाल में जलप्रलय से तबाही, मदद के लिए आगे आया भारत’ सोनौली से काठमांडू दो ट्रक राहत सामग्री रवाना

नेपाल में आई भीषण आपदा के बाद मदद के हाथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं। प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए कई संगठन और स्वयंसेवक जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में भारत-नेपाल सीमा से एक विशेष दल जरूरी सामान लेकर रवाना हुआ है, जिसका उद्देश्य आपदा पीड़ितों तक सहायता पहुंचाना है।

Post Published By: Komal Pandey
Updated : 30 August 2026, 5:51 PM IST

Maharajganj: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। जलप्रलय से नेपाल के उत्तरी इलाकों में बड़े पैमाने पर जनधन की हानि हुई है। आपदा प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए भारत सरकार के साथ-साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक संगठन भी राहत सामग्री नेपाल भेज रहे हैं।

सोनौली सीमा से काठमांडू रवाना हुई राहत सामग्री

इसी क्रम में महराजगंज के भारत-नेपाल सोनौली सीमा से हरिद्वार से पहुंचे स्वयंसेवकों का एक दल दो ट्रकों में राहत सामग्री लेकर काठमांडू के लिए रवाना हुआ। राहत सामग्री में टेंट, कपड़े, बर्तन, दवाइयां समेत अन्य जरूरी सामान शामिल है। स्वयंसेवकों के मुताबिक यह सामग्री नेपाल के आपदा प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

ये भी पढ़ें - नेपाल में महा-विनाश! गंडक के मुहाने पर आखिर क्या दिखा, जिसकी खबर मिलते ही ‘ग्राउंड जीरो’ पहुंचे सपा कार्यकर्ता?

भारत-नेपाल के रिश्तों का दिया हवाला

 

सोनौली सीमा पर पहुंचे स्वयंसेवकों ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सिर्फ सांस्कृतिक जुड़ाव ही नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का संबंध और भाईचारे का रिश्ता भी है। नेपाल में आई इस भीषण त्रासदी के बाद वहां के लोगों की पीड़ा को देखते हुए वे मदद के लिए आगे आए हैं।

आपदा पीड़ितों तक मदद पहुंचाना उद्देश्य

हरिद्वार से राहत सामग्री लेकर टीम के साथ आये मंगल सिंह गढ़वाल का कहना है कि प्राकृतिक आपदा ने नेपाल के लोगों को मुश्किल हालात में पहुंचा दिया है। ऐसे समय में पड़ोसी देश के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके बीच पहुंचकर राहत और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है।

ये भी पढ़ें - Nepal Flood: जहां अभी नहीं भरे जख्म, वहीं फिर मंडराया खतरा; नेपाल में नदी का तेज बहाव बना चिंता

राहत सामग्री से पीड़ितों को मदद

दोनों ट्रकों के काठमांडू के लिए रवाना होने के साथ ही नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों तक भारत की ओर से राहत पहुंचाने का सिलसिला आगे बढ़ा है। स्वयंसेवकों ने उम्मीद जताई कि राहत सामग्री संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगी।

Location :  Maharajganj

Published :  30 August 2026, 4:22 PM IST