हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Kanpur: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के गंगानगर में बुधवार सुबह NEET की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
छात्रा मूलरूप से चंदौली की रहने वाली थी और पिछले करीब तीन वर्षों से परिवार के साथ कानपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। परिवार के मुताबिक, बेटी की पढ़ाई को लेकर सभी को उससे काफी उम्मीदें थीं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा की बुआ का बेटा लंबे समय से उस पर प्रेम संबंध बनाए रखने का दबाव डाल रहा था। आरोप है कि छात्रा द्वारा उसका नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद भी अलग-अलग नंबरों से उसे फोन किए जाते थे।
परिवार का दावा है कि युवक छात्रा की सहेलियों को भी फोन कर उससे बात कराने का दबाव बनाता था। कुछ समय पहले दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ था, लेकिन परिजनों के अनुसार हाल के दिनों में फिर से उसे परेशान किए जाने की शिकायत सामने आई।
छात्रा की मां ने युवक पर उसकी इंस्टाग्राम आईडी से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि युवक के लगातार संपर्क करने से छात्रा परेशान थी।
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले युवक के लगातार फोन आने के कारण छात्रा का मोबाइल भाई ने अपने पास रख लिया था। बाद में युवक के संदेश आने पर भाई ने उससे बात की थी, जिस दौरान कथित तौर पर अभद्रता की गई।
परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि रक्षाबंधन के मौके पर छात्रा ने भाई को राखी बांधने और परिवार के साथ बाहर घूमने की योजना बनाई थी। लेकिन त्योहार से पहले ही परिवार ने अपनी बेटी को खो दिया।
मां ने बताया कि पिता दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं और करीब 15 दिन में एक बार घर आते हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह तीन साल पहले कानपुर आई थीं।
होटल में चेक-इन करने का बदला अंदाज: नहीं देनी होगी Aadhaar की फोटोकॉपी, जानें अब कैसे मिलेगा कमरा
पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मौके से मिले दस्तावेजों में छात्रा ने किसी व्यक्ति को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब छात्रा को परेशान किए जाने के आरोपों, कॉल और सोशल मीडिया से जुड़े दावों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Kanpur
Published : 27 August 2026, 12:03 PM IST
Topics : Kanpur News NEET News UP Crime News