
साइबर सुरक्षा को लेकर चला अभियान
Gorakhpur: साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच गोरखपुर पुलिस ने साइबर सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर के निर्देशन में और पुलिस अधीक्षक (अपराध) के पर्यवेक्षण में साइबर थाना गोरखपुर की टीम ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गोरखपुर में एक सशक्त जागरूकता अभियान चलाया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, "साइबर सुरक्षा - सुरक्षित एवं सजग विद्यार्थी" शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 250 से अधिक डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं को साइबर ठगी के खतरों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कई मुद्दों पर दी जानकारी
वहीं डायट प्राचार्य अभिषेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में रामाकृष्णन सभागार में आयोजित इस सत्र में साइबर थाना टीम के उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह और कांस्टेबल दीपचंद भारती ने डिजिटल अरेस्ट, फाइनेंशियल फ्रॉड, लोन फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन, सोशल मीडिया फ्रॉड, व्हाट्सएप लिंक फ्रॉड, जॉब टास्क फ्रॉड और एआई से जुड़े साइबर अपराधों की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया।
निजी जानकारी चुराकर बनाते हैं निशाना
इसके साथ ही टीम ने बताया कि अपराधी किस तरह लोगों की निजी जानकारी चुराकर या लालच देकर उन्हें जाल में फंसाते हैं। साथ ही, साइबर हमलों से बचने के उपायों के साथ यह भी बताया गया कि अगर कोई साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरित कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी साझा की गईं। प्रतिभागियों ने न केवल जानकारी प्राप्त की, बल्कि सवाल भी पूछे और अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं।
सतर्कता से करें तकनीक का उपयोग
इस मौके पर प्राचार्य पाण्डेय ने कहा, "डिजिटल दुनिया जितनी सुविधाजनक है, उतनी ही संवेदनशील भी। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग सतर्कता से करना चाहिए।" साइबर थाना गोरखपुर की यह पहल न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक जागृति का संदेश लेकर आई है। डिजिटल युग में सजग नागरिक ही सुरक्षित नागरिक बन सकता है, यही इस कार्यक्रम की मूल भावना रही। यह अभियान आने वाले दिनों में गोरखपुर के अन्य संस्थानों में भी चलाया जाएगा, ताकि हर नागरिक साइबर अपराध के खिलाफ सशक्त रूप से खड़ा हो सके।
Location : Gorakhpur
Published : 1 August 2025, 9:10 AM IST
Topics : Cyber Helpline cyber police station Cyber security Gorakhpur News Navchetna Program UP Police