हर-हर महादेव से गूंज उठी नाथ नगरी, बरेली में शिवभक्ति का सैलाब; कांवड़ मार्गों पर जाम

सावन के दूसरे सोमवार पर नाथ नगरी बरेली हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी। सात प्रमुख नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। कछला और हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के जत्थे भी शहर पहुंचे। भारी भीड़ के चलते कई कांवड़ मार्गों पर जाम की स्थिति बनी। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 August 2026, 3:54 PM IST

Bareilly: सावन के दूसरे सोमवार पर सोमवार की भोर होते ही बरेली की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। नाथ नगरी की गलियां और सड़कें हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठीं। शहर के सातों प्रमुख नाथ मंदिरों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। हाथों में गंगाजल, कंधों पर कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ का नाम लिए शिवभक्त लगातार मंदिरों की ओर बढ़ते नजर आए। दूसरी ओर बदायूं के कछला गंगा घाट और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थों से शहर के प्रमुख मार्ग भगवा रंग में रंगे नजर आए। भारी भीड़ के कारण कई कांवड़ मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ और जगह-जगह जाम की स्थिति बनती रही।

कछला से बरेली तक दिखा आस्था का सैलाब

सावन के दूसरे सोमवार पर बरेली में कांवड़ियों की आवाजाही सुबह से ही तेज रही। बड़ी संख्या में कांवड़िए बदायूं के कछला गंगा घाट से गंगाजल लेकर बरेली पहुंचे। वहीं कई जत्थे हरिद्वार से भी पवित्र जल लेकर शहर पहुंचे। बदायूं मार्ग से लेकर बरेली के अलग-अलग हिस्सों तक सड़कों पर कांवड़ियों के जत्थे नजर आए। कोई पैदल चल रहा था तो कोई डीजे और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ रहा था। भगवा कपड़ों में सजे कांवड़िए लगातार हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

मकान मालिक संग रंगरलियां मना रही थी पत्नी, पति ने रंगे हाथों पकड़ा तो… चौंका देगी बरेली की ये कहानी

सात नाथ मंदिरों में जलाभिषेक को उमड़ी भीड़

बरेली को नाथ नगरी के नाम से भी जाना जाता है और सावन के सोमवार पर यहां के प्रमुख नाथ मंदिरों में विशेष धार्मिक महत्व रहता है। दूसरे सोमवार को बनखंडीनाथ, पशुपतिनाथ, बाबा अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, धोपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ और तपेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ पहुंची। भोर होते ही मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही भक्तों की कतारें बढ़ने लगीं। कई मंदिरों में श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भक्तों के हाथों में बेलपत्र, फूल, दूध और गंगाजल नजर आया।

मंदिरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रमुख मंदिरों के बाहर और कांवड़ मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही। अधिकारियों ने भी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बरेली में आखिर उस रात जिम में क्या हुआ? थर्ड जेंडर ने लगाए गंभीर आरोप, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कई जगह किए गए बदलाव

कांवड़ यात्रा और मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। कई जगह सड़क के कट बंद किए गए ताकि कांवड़ियों के जत्थों के बीच वाहनों की आवाजाही से किसी तरह की परेशानी न हो। कांवड़ियों के जत्थे गुजरने के दौरान कई मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों को रोका गया।

कांवड़ियों पर बरसे फूल

बरेली पहुंचे कांवड़ियों का शहर में जगह-जगह स्वागत भी किया गया। सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से कांवड़ियों के लिए जलपान, भोजन और आराम की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की गई। लोगों ने कांवड़ियों को पानी और खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराईं। सेवा शिविरों में कांवड़ियों के रुकने और आराम करने का भी इंतजाम किया गया।

Location :  Bareilly

Published :  10 August 2026, 3:54 PM IST