विदेश भेजने के नाम पर ठगों ने बिछाया बड़ा जाल, गोरखपुर में हुआ बड़ा क्राइम

गोरखपुर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। देवरिया के दो युवकों से केन्या में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 83 हजार रुपये लेने का आरोप ट्रेनिंग सेंटर संचालक पर लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 August 2026, 8:34 PM IST

Gorakhpur News: गोरखपुर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। केन्या भेजकर रोजगार दिलाने का सपना दिखाकर एक ट्रेनिंग एवं टेस्ट सेंटर संचालक ने देवरिया के दो युवकों से 83 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद न तो युवकों को विदेश भेजा गया और न ही उनके पैसे वापस किए गए। जब पीड़ितों ने जानकारी लेने की कोशिश की तो सेंटर बंद मिला और संचालक का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश में नौकरी की उम्मीद लेकर पहुंचे थे युवक

मामला गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ इलाके का है। देवरिया जिले के दुधौली निवासी अजीत कुमार और बृजेश कुमार पासवान रोजगार की तलाश में थे। इसी दौरान दोनों युवकों को नौसढ़ स्थित आंख प्रशिक्षण सेवा संस्थान ट्रेनिंग एंड टेस्ट सेंटर की ओर से विदेश में नौकरी के लिए जारी एक विज्ञापन की जानकारी मिली। विज्ञापन में बेरोजगार युवाओं को विदेश भेजकर रोजगार दिलाने का दावा किया गया था। नौकरी की उम्मीद में दोनों युवक सेंटर पहुंचे, जहां संचालक आनंद कुमार ने उनका टेस्ट लिया। आरोप है कि टेस्ट के बाद दोनों को पास बताया गया और केन्या भेजने का भरोसा दिया गया।

पासपोर्ट और रिज्यूम लेने के बाद लिए रुपये

पीड़ित युवकों का आरोप है कि सेंटर संचालक ने विदेश भेजने की प्रक्रिया के नाम पर उनसे रिज्यूम और पासपोर्ट जमा करा लिया। इसके बाद बताया गया कि पूरी प्रक्रिया में करीब 1.20 लाख रुपये का खर्च आएगा। युवकों के मुताबिक, मेडिकल टेस्ट के नाम पर 16 जून 2026 को तीन हजार रुपये लिए गए। इसके बाद 24 जून को दोनों युवकों से 40-40 हजार रुपये गूगल पे के जरिए ट्रांसफर कराए गए। इस तरह दोनों से कुल 83 हजार रुपये ले लिए गए।

सेंटर बंद मिला, मोबाइल भी हुआ स्विच ऑफ

रुपये लेने के बाद काफी समय गुजर गया, लेकिन विदेश भेजने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। जब युवकों ने संचालक से संपर्क कर अपडेट मांगा तो वह लगातार नई तारीख बताकर उन्हें टालता रहा। आखिरकार जब दोनों युवक सेंटर पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। उन्होंने संचालक से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद युवकों को अपने साथ ठगी होने का शक हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ितों ने पूरे मामले की शिकायत गीडा थाने में की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी आनंद कुमार के खिलाफ जालसाजी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान रुपये के लेनदेन, सेंटर की गतिविधियों और विदेश भेजने के नाम पर किए गए दावों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 August 2026, 8:32 PM IST