
साढ़े तीन साल में दो बार सभासदों ने खोला मोर्चा (Img: Dynamite News)
Kasganj: जनपद नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में विकास का पहिया सड़कों, नालियों और जनसुविधाओं से आगे बढ़ने के बजाय अनशन और आपसी खींचतान में उलझा नजर आ रहा है। साढ़े तीन साल के कार्यकाल में दो बार सभासदों को अपनी ही पालिका के खिलाफ अनशन पर बैठना पड़ा। कभी एक गुट के सभासदों ने मोर्चा खोला तो कभी दूसरे खेमे के सभासदों ने पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अब सवाल यह है कि जब जनता के चुने हुए प्रतिनिधि अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर सड़क पर बैठने को मजबूर हैं तो आम जनता की फरियाद आखिर कहां सुनी जा रही है। पालिका में चेयरमैन और सभासदों के बीच खींचतान का असर शहर के विकास पर कितना पड़ रहा है, यह भी चर्चा का विषय बन गया है।
ताजा मामला 11 सभासदों के चार दिवसीय अनशन का है। कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं, कुटेशन से कराए गए कार्यों, लाइट खरीद और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर सभासदों ने 19 नवंबर से पालिका परिसर में धरना-अनशन शुरू किया था। तीन दिन तक खुले आसमान के नीचे बैठे सभासद अपनी 11 सूत्रीय मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। शनिवार रात तक चेयरमैन मुनव्वर हुसैन के सख्त तेवर और मांगों के आगे नहीं झुकने के बयान से विवाद और गहराता दिखाई दिया। हालांकि रविवार सुबह प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद तस्वीर बदल गई। एडीएम आलोक कुमार गुप्ता की मौजूदगी में करीब एक घंटे तक बंद कमरे में वार्ता हुई और लिखित सहमति बनने के बाद अनशन समाप्त हो गया।
पालिका के मौजूदा हालात पर नजर डालें तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा क्या है कि सभासदों को अपनी बात मनवाने के लिए अनशन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। साढ़े तीन साल के कार्यकाल में दो बार अनशन की नौबत आना अपने आप में पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। 25 सदस्यीय बोर्ड में 14 और 11 के दो खेमों के बीच लंबे समय से खींचतान बताई जा रही है। कभी बहुमत का दावा करने वाला खेमा तो कभी विरोध में खड़ा गुट अपनी ताकत दिखाता रहा है। इस राजनीतिक रस्साकशी में जनता के बुनियादी मुद्दे कितने पीछे छूट गए, इसका जवाब भी पालिका प्रशासन को देना होगा।
साढ़े तीन साल में दो बार अनशन
नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार एसडीएम मोहम्मद नासिर के पास है। प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारी होने के बावजूद पालिका के कामकाज को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं। सभासदों ने करीब ढाई करोड़ रुपये के कुटेशन कार्यों, तिरंगा लाइट और एलईडी स्ट्रीट लाइट की खरीद, आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतन और पीएफ, गृहकर-जलकर वसूली तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दे उठाए हैं। अब इन मामलों की जांच के लिए एसडीएम पटियाली, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की तीन सदस्यीय कमेटी गठित किए जाने पर सहमति बनी है। वहीं शेष मांगें आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव के रूप में रखी जाएंगी।
IND vs NZ Test: भारत की जीत से बस 5 विकेट दूर टीम इंडिया, न्यूजीलैंड पर हार का खतरा
एसडीएम एवं प्रभारी अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर का कहना है कि विकास के लिए सड़कों का निर्माण, प्रकाश, पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारू रखना उनकी प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक निर्बाध रूप से पहुंचना चाहिए। प्रशासन हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर है। लेकिन दूसरी ओर सभासदों का लगातार आंदोलन करना और पालिका के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाना इन दावों के सामने कई सवाल खड़े करता है। यदि व्यवस्था सुचारू है तो फिर निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी मांगों के लिए चार दिन तक अनशन क्यों करना पड़ा?
हकीकत में अनशन तक पहुंच रहे सभासद
शहर की जनता को चेयरमैन और सभासदों के बीच चल रही खेमेबाजी से कोई सीधा सरोकार नहीं है। लोगों की अपेक्षा है कि सड़कें बनें, नालियां साफ रहें, गलियों में रोशनी हो, पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रहे और सफाई नियमित हो। एटा रोड, थाना रोड, कैनाल रोड और मोहनपुर रोड के निर्माण जैसे मुद्दे भी सभासदों की मांगों में शामिल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि बोर्ड की बैठकों और आपसी सहमति के अभाव में विकास कार्यों की रफ्तार क्यों प्रभावित हो रही है?
चार दिन का अनशन लिखित समझौते के बाद समाप्त जरूर हो गया, लेकिन पालिका की असली परीक्षा अब शुरू होगी। जांच कमेटी कब गठित होती है, वित्तीय अभिलेखों की पड़ताल में क्या सामने आता है और बोर्ड बैठक में विकास से जुड़े प्रस्तावों पर कितना अमल होता है, यह देखना बाकी है। फिलहाल गंजडुंडवारा की पालिका में विकास का पहिया घूमने से ज्यादा अनशन, आरोप-प्रत्यारोप और गुटबाजी की चर्चा है। जनता को अब आश्वासन नहीं, धरातल पर विकास चाहिए।
फिलहाल पालिका की तस्वीर यही है कि विकास के मुद्दे पीछे छूट रहे हैं और सभासदों की सियासत अनशन तक पहुंच रही है। सवाल अब भी कायम है कि नगर पालिका जनता के विकास के लिए चल रही है या सभासदों और चेयरमैन के बीच चल रही सियासी खींचतान में उलझकर रह गई है।
Location : Kasganj
Published : 23 November 2026, 9:16 AM IST