ग्रेटर नोएडा में 2 मासूम बच्चों की रहस्यमयी मौत: पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं खुला राज, अब बिसरा पर टिकी सबकी नजर

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में दो सगे भाई-बहन की रहस्यमयी मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारण स्पष्ट नहीं होने के बाद बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच मामला और उलझ गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 June 2026, 8:41 AM IST
google-preferred

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे में सगे भाई-बहन की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार का कहना है कि जिस खाने को फूड पॉइजनिंग की वजह बताया जा रहा है, वह पूरा परिवार खाया था, फिर केवल दो बच्चों की हालत ही क्यों बिगड़ी? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिसके बाद बिसरा जांच के लिए भेजा गया है।

'सिर्फ दो बच्चों की मौत क्यों हुई?'

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे के शांतिनगर मोहल्ले में हुई दो मासूम भाई-बहन की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई, लेकिन अब परिवार इस थ्योरी पर ही सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों का कहना है कि जिस भोजन को बीमारी की वजह माना जा रहा है, वह पूरे परिवार ने खाया था। ऐसे में सिर्फ दो बच्चों की हालत बिगड़ना और उनकी मौत हो जाना कई सवाल पैदा कर रहा है।

चाचा बोले- पूरे परिवार ने खाया था वही खाना

मृतक बच्चों के चाचा विकास तोमर ने बताया कि परिवार में कुल छह सदस्य हैं। सोमवार को सभी ने सुबह दूध और ब्रेड खाई थी। दोपहर का भोजन भी एक साथ किया गया। शाम को घर में पास्ता बनाया गया था। इसके अलावा पपीता और चीकू भी खाया गया था। उन्होंने कहा, "जिस खाने को फूड पॉइजनिंग की वजह बताया जा रहा है, वह खाना तो पूरे परिवार ने खाया था। चारों बच्चों ने खाया, पिता ने खाया, मैंने भी खाया। फिर सिर्फ दो बच्चों की तबीयत ही क्यों बिगड़ी, यह समझ नहीं आ रहा।"

नोएडा में तैयार हुआ था बड़े आतंकी नेटवर्क का ब्लूप्रिंट, गौतमबुद्ध नगर में एक्टिव थे स्लीपर सेल, जानें कैसे हुआ खुलासा

रात में बिगड़ी तबीयत, कुछ घंटों में चली गई जान

रविवार (7 जून) की देर रात करीब 11 बजे बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। पहले उन्हें उल्टियां हुई, फिर हालत तेजी से बिगड़ने लगी। शुरुआत में घर पर दवाइयां दी गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रात करीब 3 बजे 8 वर्षीय दीपांशी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के कुछ ही समय बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि कुछ घंटों बाद 6 वर्षीय प्रिंस की हालत भी बिगड़ गई। उसे भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे नहीं बचा सके।

मां अस्पताल में भर्ती, बच्चों की मौत से बेखबर

इस घटना का सबसे भावुक पहलू बच्चों की मां रूबी से जुड़ा है। रूबी भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ समय पहले उनका ऑपरेशन हुआ था और वह पहले से शारीरिक रूप से कमजोर थी। परिवार का कहना है कि उनकी हालत को देखते हुए अभी तक उन्हें यह नहीं बताया गया है कि उनके दोनों बच्चों की मौत हो चुकी है। परिजन इस मुश्किल घड़ी में उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नहीं मिला जवाब

मामले की जांच कर रही पुलिस को दोनों बच्चों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है, लेकिन रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। इसके चलते दोनों बच्चों का बिसरा सुरक्षित रखकर फोरेंसिक लैब भेजा गया है। अब जांच एजेंसियों, स्वास्थ्य विभाग और परिवार की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

ग्रेटर नोएडा में 44 गांवों के किसानों ने प्राधिकरण पर बोला हल्ला, कहा- हमें हमारा हक दो, हाईकोर्ट का भी आदेश नहीं मान रहे अफसर

खाद्य विभाग ने लिए नमूने

घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घर पहुंचकर खाने-पीने की विभिन्न वस्तुओं के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों की भी जांच कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग सभी संभावित कारणों की जांच में जुटे हैं।

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना मामला

रबूपुरा में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर कुछ ही घंटों के भीतर दो मासूम बच्चों की जान कैसे चली गई। जब तक फोरेंसिक और खाद्य जांच की रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक यह मामला रहस्य बना रहेगा।

Location :  Greater Noida

Published :  10 June 2026, 8:16 AM IST

Related News

Advertisement