रायबरेली के युवक ने रात को बारात में किया इतना डांस, सुबह उठी अर्थी

रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव जनवासे के पास चारपाई के नीचे पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 May 2026, 7:23 PM IST

Raebareli: रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक युवक का शव संदिग्ध हालात में जनवासे के पास चारपाई के नीचे पड़ा मिला। रातभर बारात में शामिल होकर नाच-गाना करने वाला युवक सुबह मृत अवस्था में मिला तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मृतक की पहचान 22 वर्षीय बृजेश उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई है, जो डीह थाना क्षेत्र के शेरनाथपुर (चिलिहा) मजरे गोपालपुर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि बृजेश अपने परिचित अमरजीत पुत्र रामखेलावन की बारात में शामिल होने पूरेकलंदर मजरे निनावा गांव गया था।

रात 2 बजे दिखा अचेत पड़ा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शादी समारोह में देर रात तक डीजे और नाच-गाने का कार्यक्रम चलता रहा। इसी दौरान रात करीब दो बजे कुछ लोगों ने देखा कि बृजेश जनवासे के पास एक खाट के नीचे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पहले तो लोगों को लगा कि शायद उसकी तबीयत खराब हो गई है या वह बेहोश हो गया है।

आनन-फानन में उसे उठाकर इलाज के लिए सलोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह का माहौल अचानक गम में बदल गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन और चौकी प्रभारी मोहित शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। चौकी प्रभारी मोहित शर्मा ने बताया कि जानकारी मिली है कि युवक नाचने के दौरान अचानक असहज महसूस कर रहा था, जिसके बाद उसे आराम करने के लिए लिटा दिया गया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Location :  Raebareli

Published :  9 May 2026, 7:23 PM IST