
मुजफ्फरनगर में पुजारी की हत्या से हडकंप (Image Source: Internet)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंदिर परिसर में 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मंगलवार रात करीब नौ बजे भौराकलां थाना क्षेत्र स्थित आईटीआई कॉलेज के शिव मंदिर में हुई। मृतक की पहचान स्वामी देवानंद भारती के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर मंदिर पहुंचे और पुजारी को आवाज लगाई। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो युवक बाइक से मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने मंदिर में मौजूद पुजारी स्वामी देवानंद भारती को आवाज लगाई। इसके कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बगल के क्वार्टर में तैनात पीआरडी जवान आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
पुजारी की उम्र करीब 81 वर्ष बताई गई है। उनके रिटायर्ड फौजी होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही भौराकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
बदायूं में धर्मेंद्र यादव का बड़ा बयान, बोले- भाजपा की गोद में बैठा है चुनाव आयोग
हत्याकांड की जानकारी मिलने पर सहारनपुर जोन के डीआईजी अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और जांच की प्रगति की जानकारी ली।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि भौराकलां थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज स्थित शिव मंदिर में रहने वाले स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या की गई है। शुरुआती जांच के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि वारदात से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकें।
ममता बनर्जी पर हमले की कोशिश? कालीघाट में चाकू लेकर पहुंची महिला हिरासत में
पुलिस ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। इनमें एसओजी, सर्विलांस और भौराकलां थाना पुलिस की टीमें शामिल हैं। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर मृतक के परिचित हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, 81 वर्षीय पुजारी की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 October 2026, 12:32 AM IST