मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों पर बयान के बाद मचा बवाल, मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ FIR… अब आगे क्या होगा?

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा और शिवभक्त कांवड़ियों को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के मामले में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हिंदू संघर्ष समिति की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 10:43 PM IST

Muzaffarnagar : जिले में कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर विवाद बढ़ गया है। शिवभक्त कांवड़ियों को लेकर टिप्पणी करने वाले मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस बयान को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी देखने को मिली है और कार्रवाई की मांग उठाई गई थी।

 

हिंदू संघर्ष समिति की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा

दरअसल, शुक्रवार को हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मौलाना के बयान से कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौलाना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और बयान से जुड़े वीडियो व अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

एसएसपी बोले- आपत्तिजनक टिप्पणी की जांच जारी

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मौलाना साजिद रशीदी ने एक वीडियो जारी कर कुछ वक्तव्य दिए थे, जिन पर आपत्ति जताई गई है।

एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को लेकर दिए गए कुछ बयान आपत्तिजनक पाए गए हैं, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी साधा निशाना

मौलाना के बयान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में शिवभक्त कई किलोमीटर पैदल चलकर कठिन तपस्या करते हैं और ऐसे में किसी के द्वारा उन्हें लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना गलत है।

मंत्री ने कहा कि कुछ लोग कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज के जिम्मेदार लोगों से भी अपील की कि ऐसे लोगों को रोकने का काम करें, ताकि समाज में तनाव की स्थिति पैदा न हो।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  8 August 2026, 10:41 PM IST