
पुलिस हिरासत में आरोपी (Img- Internet)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ ने फिल्मी सीन जैसा नजारा पेश कर दिया। जब पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो शातिर वाहन चोरों के पैर में गोली लगी तो वे अपने हाथ जोड़कर "बाबूजी माफ कर दो" कहते हुए पुलिस के सामने रहम की भीख मांगने लगे। यह घटना गुरुवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 के पास हुई।
मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली पुलिस हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से खास जानकारी मिली कि कुकड़ी ग्राउंड के पास एक पुराने खंडहर में कुछ बदमाश चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए खंडहर की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस ने जब बदमाशों को देखा और उन्हें सरेंडर करने (आत्मसमर्पण) के लिए कहा, तो बदमाशों ने खुद को घिरा हुआ पाकर पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने अपनी जान बचाने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों की पहचान मोनू कुमार (थाना सिखेड़ा) और मुराद अली (उत्तराखंड निवासी) के रूप में हुई है।
मुजफ्फरनगर में पुलिस और वाहन चोरों के बीच मुठभेड़! चेकिंग के दौरान पुलिस ने बदमाशों को घेरा। मुखबिर की सूचना पर कुकड़ी ग्राउंड के खंडहर में छापेमारी, जहां चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में थे अपराधी। पुलिस की मुस्तैद कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप।#MuzaffarnagarPolice… pic.twitter.com/d6Dtp6XN2N
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 14, 2026
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जब खंडहर की तलाशी ली, तो वहां से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस को मौके से दो अवैध तमंचे, कारतूस और सबसे महत्वपूर्ण 'तीन मास्टर चाबी' मिली हैं। इन्ही मास्टर चाबियों की मदद से ये बदमाश बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली जैसे जिलों के भीड़भाड़ वाले इलाकों से पलक झपकते ही बाइक चोरी कर लेते थे।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि ये बदमाश अलग-अलग जिलों से बाइक चुराकर इस पुराने खंडहर में इकट्ठा करते थे। जब भी इन्हें कोई ग्राहक मिलता, ये उन चोरी की बाइकों को सस्ते दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस का कहना है कि ये अपराधी काफी समय से सक्रिय थे और आज इन बाइकों को बेचने की फिराक में ही खंडहर में जुटे थे।
मुजफ्फरनगर में पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब इन बदमाशों की पुरानी क्रिमिनल हिस्ट्री खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, लेकिन इनका गिरोह काफी बड़ा हो सकता है। पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है जो इनसे चोरी के वाहन खरीदा करते थे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 May 2026, 3:49 PM IST