हिंदी
चीनी निर्यात बंद होने से व्यापारी सतर्क (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में चीनी निर्यात पर रोक लगाए जाने के बाद स्थानीय बाजारों में चीनी की कीमतों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। व्यापारियों और आम लोगों का कहना है कि फिलहाल बाजार में चीनी के दाम सामान्य बने हुए हैं, लेकिन आने वाले 15 से 20 दिनों में कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। बढ़ती महंगाई के बीच लोगों को आशंका है कि चीनी भी अब आम आदमी की पहुंच से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंसूरपुर क्षेत्र में चीनी का भाव करीब 4200 रुपये प्रति क्विंटल बताया जा रहा है। वहीं मोरना और आसपास के कुछ इलाकों में चीनी की कीमत 3500 से 4000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रही है। हालांकि अभी बाजार में किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं है, लेकिन व्यापारी भविष्य में दाम बढ़ने की संभावना जता रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र से चीनी का निर्यात बहुत कम मात्रा में होता है, इसलिए निर्यात रोक का सीधा असर अभी स्थानीय बाजारों में दिखाई नहीं दे रहा है। बावजूद इसके, बाजार में इस फैसले को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं। व्यापारियों का मानना है कि जैसे-जैसे स्टॉक और सप्लाई पर असर पड़ेगा, वैसे-वैसे कीमतों में भी तेजी आ सकती है।
मुजफ्फरनगर: चीनी निर्यात बंद होने से बाजार सतर्क, व्यापारियों बोले जल्द बढ़ सकते हैं चीनी और खाद्य वस्तुओं के दाम#Muzaffarnagar #SugarExportBan #SugarMarket #SugarPriceHike pic.twitter.com/iEHAyCwXu1
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 14, 2026
आम नागरिकों ने बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि पहले ही सरसों के तेल समेत कई खाद्य वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और अब चीनी की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासतौर पर दैनिक मजदूरी करने वाले परिवारों के लिए रसोई का खर्च संभालना और मुश्किल हो सकता है।
स्थानीय निवासी नवनीत कौशिक ने कहा कि अभी बाजार में चीनी की उपलब्धता बनी हुई है, लेकिन यदि आने वाले दिनों में दाम बढ़ते हैं तो इसका असर सीधे आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और जरूरत की वस्तुएं महंगी होने से मध्यम और गरीब वर्ग की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
वहीं व्यापारी नेता संजय मिश्रा का कहना है कि फिलहाल बाजार सामान्य स्थिति में है, लेकिन अगले 15 से 20 दिनों में चीनी के दामों में उछाल देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारी बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आने वाले समय में सप्लाई और मांग के अनुसार कीमतों में बदलाव संभव है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 May 2026, 2:48 PM IST