
मुजफ्फरनगर में चलती डीसीएम में लगी आग (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Muzaffarnagar: जनपद के मेरठ-करनाल हाई-वे पर गुरुवार को एक बड़ा आग हादसा हो गया। एक चलते डीसीएम में अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। अग्निकांड से मौके पर अफरातफरी मच गयी। कुछ देर के लिए सड़क पर आवाजाही बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार यह डीसीएम करनाल की तरफ से धागों के बंडल को लेकर मेरठ की तरफ जा रही थी। फुगाना थाना क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर पहले ट्रक में अचानक आग लगी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया।
ट्रक में रखा माल हुआ खाक
आग लगने की सूचना मिलते ही बुढ़ाना से दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं के गुबार से हाई-वे पर हड़कंप मच गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।
मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: कार को मारी टक्कर, बच्चा और महिला समेत 6 घायल
मौके पर पहुंची फुगाना थाना पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत जेसीबी मशीन बुलवाई और जलती गाड़ी को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक और उसमें लदे धागों के बंडल पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
दमकल विभाग ने बताया कि वाहन मुरादाबाद निवासी शमशेर खान के नाम पर पंजीकृत है। फिलहाल चालक का कोई पता नहीं चल सका है, क्योंकि वह आग लगते ही मौके से भाग निकला। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 April 2026, 5:18 PM IST