हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात एक 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने के बाद सनसनी फैल गई। परिजनों ने काफी तलाश की, जिसके बाद किशोरी गांव के ही एक युवक के घर से मिली। इसके बाद किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में युवक पर बहला-फुसलाकर और जबरन अपने साथ ले जाने तथा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। शिकायत और किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर गई थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। देर रात तक बेटी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां जानकारी लेने के बाद परिवार को गांव के ही एक युवक पर संदेह हुआ।
परिजनों का दावा है कि तलाश के दौरान किशोरी गांव के युवक के घर से मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और किशोरी को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
CO सदर सुनील कुमार के अनुसार, किशोरी के पिता ने 5 सितंबर को छपार थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 4 और 5 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे उनकी बेटी घर पर नहीं थी।
तलाश के दौरान घर में रखे मोबाइल फोन से एक नंबर मिला। जांच में यह नंबर समीर पुत्र जनाब का बताया गया। पुलिस ने नंबर और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने किशोरी को फोन कर बुलाया और जबरन अपने साथ ले गया। वहीं किशोरी ने अपने बयान में युवक और उसके साथियों पर बहला-फुसलाकर तथा जबरन ले जाने के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
किशोरी के बयान और पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में युवक के साथ बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। किशोरी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद छपार क्षेत्र में पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 September 2026, 11:23 AM IST