Farmer Protest: मुजफ्फरनगर में किसानों की महा-आंदोलन की तैयारी, GIC मैदान में तोमर की ललकार

मुजफ्फरनगर में 7 अक्टूबर को होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। संगठन का दावा है कि छह जिलों से करीब 15 हजार किसान जीआईसी मैदान पहुंच सकते हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 October 2026, 4:33 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर की ओर से 7 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘किसान बचाओ, देश बचाओ’ महापंचायत की तैयारियां तेज हो गई हैं। महापंचायत का आयोजन शहर के जीआईसी मैदान में होना है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए चौधरी संजीव तोमर मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जीआईसी मैदान में जुटेंगे किसान

संगठन की ओर से दावा किया गया है कि महापंचायत में 6 जिलों से किसान पहुंचेंगे और करीब 15 हजार किसानों के शामिल होने की संभावना है। किसानों के बसों और ट्रैक्टरों समेत अलग-अलग वाहनों से पहुंचने की बात कही गई है।

किसानों के लिए की जा रही व्यवस्थाएं

संजीव तोमर ने बताया कि महापंचायत के लिए मैदान में बड़ा मंच तैयार कराया गया है। इसके अलावा किसानों के लिए पानी, शौचालय, भोजन और वाहनों की पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुचारु रखने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि बाहर से आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Encounter In UP: मुजफ्फरनगर में गूंजी गोलियां, सिसौना कट पर पुलिस एनकाउंटर में दबोचा गया इनामी हिस्ट्रीशीटर शादाब

गन्ने के 600 रुपये भाव समेत कई मांगें

महापंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाने की तैयारी है। संगठन की प्रमुख मांगों में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने और बकाया गन्ना भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग शामिल है। 7 अक्टूबर की महापंचायत में सरकार के नाम 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपे जाने की भी जानकारी सामने आई है।

एम्स और हाईकोर्ट बेंच की भी मांग

संजीव तोमर के मुताबिक, संगठन मुजफ्फरनगर में एम्स अस्पताल की स्थापना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की बेंच की मांग भी उठाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या पर रोक लगाने और प्रदूषण से होने वाली बीमारियों के इलाज की व्यवस्था की मांग भी महापंचायत में रखी जाएगी।

60 साल के बाद किसानों को पेंशन देने की मांग

किसान संगठन की ओर से 60 वर्ष की उम्र के बाद किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग भी रखी जा रही है। इसके साथ ही किसानों से जुड़ी अन्य समस्याओं और कृषि लागत के मुद्दों को भी महापंचायत में उठाने की तैयारी है।

मुजफ्फरनगर में 4 अक्टूबर को सपा का पैदल मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; जानिए क्या है पूरा कार्यक्रम

शांतिपूर्ण महापंचायत की अपील

संजीव तोमर ने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और किसानों से महापंचायत के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी किसान, आम नागरिक या किसी वस्तु को नुकसान न पहुंचाया जाए और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।

सरकार से मांगें मानने की अपील

संजीव तोमर ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन तोमर लगातार किसानों के मुद्दों को लेकर पंचायत और आंदोलन करती रही है। उनके मुताबिक, कुछ मांगों पर सरकार की ओर से कार्रवाई हुई है, जबकि कई मांगों पर अभी ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

उन्होंने सरकार से किसान हित से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई करने की अपील की। महापंचायत के दौरान किसानों की मांगों को लेकर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  6 October 2026, 4:33 PM IST